
जींद, 16 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी माक्र्सवादी ने गुरूवार को नागरिक अस्पताल परिसर में धरना दिया गया और उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया। धरने में शहर की ज्वलंत समस्याओं और बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी की गई। धरने की अध्यक्षता लोकल कमेटी सदस्य वे प्रकाश ने की तथा संचालन पवन कुमार ने किया।
धरने को संबोधित करते हुए प्रकाश चंद्र, सुरेश राठी, नूतन प्रकाश, संदीप जाजवान आदि ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। जिसके कारण ईमानदार अधिकारी आईपीएस वाई पूरन कुमार को आत्महत्या करनी पड़ी और संदीप लाठर जैसे कर्मठ अधिकारी को भी शहादत देनी पड़ी। यह घटनाएं सरकारी तंत्र में व्याप्त सड़ांध को उजागर करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नागरिक अस्पताल जींद में बिना टेंडर के निर्माण कार्य किया जा रहा है। जिससे भारी भ्रष्टाचार की बू आ रही है। जीरो टोलरेंस की नीति की पोल अब पूरी तरह खुल चुकी है। उन्होंने मांंग की कि नागरिक अस्पताल के निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी और संभावित भ्रष्टाचार की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए।
शहरवासियों को गंदा पानी मिल रहा है। नहरी पानी की व्यवस्था की जाए। सीवरेज व बरसात के पानी की निकासी की गंभीर समस्या का स्थाई समाधान किया जाए। सड़कों की खस्ताहाल हालत को ठीक किया जाए। सर्विस रोड और शहर की टूटी गलियों की मरम्मत करवाई जाए। खुले में घूमने वाले पशुओं, कुत्तों व बंदरों पर नियंत्रण किया जाए। मजदूरों के लिए लेबर शैड, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था की जाए। शहर के पार्कों की मरम्मत व रखरखाव अच्छे से करवाया जाए। बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए। धरने पर आजाद पांचाल, इंद्र सिंह, धर्मबीर, सोहनदास, वीरेंदर, कर्मबीर संधु सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि शहर की समस्याओं और भ्रष्टाचार पर तुरंत कार्रवाई नहीं की गई तो जनता के सहयोग से एक बड़ा जनआंदोलन छेड़ा जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा
