
जींद, 31 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण लाल मिड्ढा ने कहा कि लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल ने पूरे भारत को एकसुत्र में पिरोने का काम किया था। उसी के अनुरूप हमारे देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कार्य कर रहे हैं। उनका 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का सपना अब हर भारतीय नागरिक का सपना बन चुका है।
डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा शुक्रवार को स्थानीय पुलिस लाइन मैदान में लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि शिरकत कर युवाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने लौह पुरूष सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र के सम्मुख पुष्प अर्पित करके नमन किया। इसके बाद उन्होंने रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। रन फॉर यूनिटी में डिप्टी स्पीकर, डीसी मोहम्मद इमरान रजा, पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, एडीसी विवेक आर्य व अन्य प्रशासन के अधिकारी युवाओं के साथ दौड़ते नजर आए। रन फॉर यूनिटी स्थानीय पुलिस लाइन मैदान से शुरू हुई और एकलव्य स्टेडियम में समापन हुआ।
डा. मिड्ढा ने कहा कि गुजरात में स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सरदार पटेल की महानता और देश की एकता का प्रतीक है। इस प्रतिमा के निर्माण में पूरे देश के गांव-गांव से लोहा एकत्र किया गया था। जो भारत की एकता और समर्पण की मिसाल है। उन्होंने आग्रह करते हुए कहा कि हम सभी को अपने जीवन में कम से कम एक बार जरूर उस महान व्यक्तित्व के स्टेच्यू के दर्शन करने चाहिए। हमारे देश के प्रधानमंत्री सशक्त एवं पावरफुल हैं। जिन्होंने विश्व में अपने देश का लौहा मनवाने का काम किया है। आज बहुत सी ऐसी ताकते हैं, जो भारत को खंड-खंड करना चाहती है लेकिन हमारे देश के प्रधानमंत्री सशक्त हैं। जिन्होंने अपनी ताकत के बल पर हिंदुस्तान को एक अलग रूप देने का काम किया है।
—————
(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा