Haryana

जींद : भाजपा जिला कार्यकारिणी की लिस्ट 24 घंटे में ही बदली

डा. पुष्पा तायल।

जींद, 10 जुलाई (Udaipur Kiran) । जींद में एक दिन पहले जारी की गई भाजपा कार्यकारिणी की लिस्ट में 24 घंटे भीतर ही बदलाव कर दिया गया है। उपाध्यक्ष बनाई गई पुष्पा तायल को गुरुवार को महामंत्री बना दिया गया। वहीं महामंत्री बनाए गौरव भारद्वाज को उपाध्यक्ष बनाया गया है। बुधवार दोपहर को भाजपा के जिला प्रधान तेजेंद्र ढुल ने जिला कार्यकारिणी की घोषणा की थी। इसमें 23 पदाधिकारियों के नाम शामिल थे, जिनमें डा. पुष्पा तायल समेत सात कार्यकर्ताओं को उपाध्यक्ष बनाया गया था। इसके साथ ही गौरव भारद्वाज, जितेंद्र को महामंत्री नियुक्त किया गया था।

गौरव भारद्वाज ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भाजपा आलाकमान का आभार भी जता दिया था, लेकिन गुरूवार को दोबारा से लिस्ट जारी हुई और इसमें उपाध्यक्ष नियुक्त की गई पुष्पा तायल को महामंत्री बनाया गया और महामंत्री बने गौरव भारद्वाज को नीचे लाकर उपाध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया। इस मामले में भाजपा के जिला प्रधान तेजेंद्र ढुल से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह संगठन का फैसला है। वहीं गौरव भारद्वाज ने कहा कि अभी तक उनकी आलाकमान से बात नहीं हो पाई है। वह आलाकमान से बात करेंगे। पुष्पा तायल ने कहा कि उन्हें सीधा लैटर ही मिला है, जिसमें उपाध्यक्ष से महामंत्री नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि जुलाना क्षेत्र में पुष्पा तायल काफी समय से सक्रिय हैं।

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा

Most Popular

To Top