Jharkhand

जन सहयोग और दूरदर्शी नीतियों के क्रियान्वयन से झारखंड की चुनौतियों का समाधान संभव : राज्यपाल

कार्यक्रम का उदघाटन करते राज्‍य सहित अन्‍य अतिथि
उपस्थित लोगों काे अभिवादन करते मुख्‍यमंत्री
मंच पर उपस्थ्ति राज्‍यपाल और मुख्‍यमंत्री

रांची, 15 नवंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार को राज्य स्थापना दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजिन किया गया, जिसे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत राज्य के तमाम मंत्रियों और अधिकारियों ने संबोधित किया। इस अवसर पर राज्य सरकार की ओर से संचालित होने वाली कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया।

राज्यपाल ने यह बातें झारखंड के स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने और भगवान बिरसा मुंडा के 150 वीं जयंति के अवसर पर मोरहाबादी मैदान में शनिवार को आयोजित मुख्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कही।

झारखंड राज्य स्थापना समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि जन-सहयोग और दूरदर्शी नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन से झारखंड की चुनौतियों का समाधान संभव है। राज्य के समक्ष शिक्षा, स्वास्थ्य, गरीबी, बेरोजगारी और पलायन जैसी चुनौतियां जरूर हैंए लेकिन बीते 25 वर्षों में झारखंड की सरकारों ने शिक्षा, कृषि, खनन, ऊर्जा, खेल और संस्कृति सहित अनेक क्षेत्रों में उत्तरोत्तर प्रगति की है।

राज्यपाल ने कहा कि राज्य की प्राकृतिक और खनिज संपदा, सांस्कृतिक विरासत एवं परिश्रमी नागरिक इसकी सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक स्थलों के योजनाबद्ध विकास की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि व्यापक स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी उत्पन्न होंगे।

राज्यपाल ने कहा कि झारखंड के 25 वर्ष पूरा होना सभी राज्यवासियों के लिए आत्मगौरव, आत्मचिंतन और आत्मसंकल्प का क्षण है। इस राज्य की नींव जन-आकांक्षाओं, संघर्षों और सपनों की भूमि पर रखी गई है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धू-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, फूलो-झानो सहित सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि उनके त्याग और बलिदान ने इस पावन धरती की गौरवगाथा को और अधिक समृद्ध किया है।

पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी के प्रति जताया आभार

राज्‍यपाल ने झारखंड राज्य के गठन में योगदान के लिए पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि उनकी दूरदृष्टि और संकल्प के कारण ही इस राज्य का सृजन संभव हो सका। उन्होंने कहा कि यह दिन इसलिए भी विशेष महत्व रखता है, क्योंकि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती है और पूरा देश धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मना रहा है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के असाधारण योगदान को राष्ट्रीय गौरव से जोड़ा।

2050 के झारखंड के रोड मैप बनाने में जुटी है सरकार : मुख्यमंत्री

स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह की अध्यक्षता करते हुए राज्य के मुख्युमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि उनकी सरकार-2050 के झारखंड की तैयारियां का रोड मैप बनाने में जुटी है। झारखंड ने इस देश को जितना संसाधन दिया है, उतना किसी अन्य राज्य ने नहीं दिया है, इसलिए झारखंड देश से भी कुछ पाने की अपेक्षा रखता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का जोर खनिज के अलावा अन्य क्षेत्रों के विकास पर है। हमारे राज्य के बच्चे‍ खेल में अपना परचम लहरा रहे हैं। सरकार राज्य की आधी आबादी को सशक्त कर रही है और इसे लेकर राज्य सरकार ने बजट भी बढ़ाया है। मुख्य्मंत्री ने कहा कि हम आदिवासी नहीं, बल्कि देश के प्रथम वारिश हैं और देश के साथ कदम से कदम मिलाकर चलने को प्रतिबद्ध हैं।

गुरूजी को याद कर भावुक हुए मुख्यामंत्री

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हो सहित अन्य वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। साथ ही राज्य के पूर्व मुख्यंमंत्री गुरूजी शिबू सोरेन को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि गुरूजी के संघर्ष और बलिदान एवं जल, जंगल तथा जमीन बचाने के संकल्प को राज्यवासी कभी नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के साथ झारखंड को सजाने और संवारने की जिम्मेदारी आम लोगों की भी है।

कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू ने अपने संबोधन के दौरान झारखंड राज्य के गठन में दिशोम गुरू शिबू सोरेन और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने झारखंड राज्य के गठन के लिए कमेटी बनाई थी। इसके आधार पर ही झारखंड राज्य बना। उन्होंने कहा कि कर्ज माफी योजना से राज्य के चार लाख किसानों को लाभ पहुंचा है। राज्य की हेमंत सोरेन सरकार झारखंड के लोगों की हर आकांक्षाओं को पूरा करने का प्रयास करेगी।

राजस्व संग्रहण में झारखंड का देश में नौवां स्थान : राधाकृष्ण किशोर

समारोह को संबोधित करते हुए राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि हमारी सरकार शिक्षा और स्वास्‍थ्‍य सहित सभी क्षेत्रों में निरंतर प्रगति जारी रखेगी। राज्य सरकार आदिवासी, मूलवासी और युवाओं के विकास के प्रति प्रतिबद्ध है। राज्य की प्रगति का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण में झारखंड का देश में नौवां स्थान है। वहीं, एक्संपेंडीचर क्वालिटी में और सुधार करने की जरूरत है।

केंद्र सरकार पर झारखंड की मदद नहीं करने का भी आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि केंद्रीय करों में झारखंड की हिस्सेदारी का 19 हजार करोड़ रुपए केंद्र सरकार नहीं दे रही है, जो घोर निराशाजनक है। इसके अलावा कोयला कंपनियों पर बकाया एक लाख 62 हजारा करोड़ रुपए का भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि राज्य को केंद्र सरकार से अपेक्षित सहयोग मिले, तो देश में झारखंड का स्थान पहला होगा। कार्यक्रम में उन्होंने विपक्ष की अनुपस्थिति पर निराशा जताई।

बुनकरों को बाजार उपलब्ध कराने का हो रहा प्रयास : संजय

राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री सभी मंत्रियों को बिना थके और बिना रूके काम करने के लिए प्रेरित करते हैं। राज्य में झारखंड लघु उद्योगों से संबंधित नीति को मंजूरी दी जा चुकी है। सरकार जल्द खाद्य नीति लाएगी। इसके अलावा खादी और तसर के विकास पर बल दिया जा रहा है। सरकार राज्‍य के बुनकरों को बाजार उपलब्ध कराने का प्रयास सरकार कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार ने कहा कि झारखंड के सशक्तिकरण में मईयां योजना और सावित्रीबाई फुले योजना की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के छूटे हुए परिवारों को राज्य सरकार अपनी ओर से हरा राशन कार्ड के जरिए खाद्यान्न उपलब्ध करा रही है।

इसके पहले कार्यक्रम की शुरूआत अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर किया। साथ ही कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यपाल संतोष गंगवार सहित अन्य अतिथियों को स्मृति चिन्ह और पौधा देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा और गुरूजी शिबू सोरेन के संघर्ष को लघु फिल्म के जरिए प्रदर्शित किया गया।

समारोह में मुख्यमंत्री की पत्नी और विधायक कल्‍पना सोरेन, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, विधायक अमित महतो, गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना डाडेल, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी, डीजीपी तदाशा मिश्रा, स्वास्‍थ्‍य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय सिंह, रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री सहित अन्य अधिकारी सहित राज्य के विभिन्नत जिलों से पहुंचे हजारों लोग मौजूद थे।—————

(Udaipur Kiran) / Vinod Pathak