
रांची, 14 नवंबर (Udaipur Kiran) । झारखंड का 25वां स्थांपना दिवस 15 नवंबर, शनिवार को राजधानी रांची सहित पूरे झारखंड में धूमधाम से मनाया जाएगा। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में दोपहर दो बजे से शुरू होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के राज्यपाल संतोष गंगवार शामिल होंगे। यह जानकारी शुक्रवार को मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग ने दी।
राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि कांग्रेस पार्टी के प्रदेश प्रभारी के. राजू होंगे। इसके अलावा कार्यक्रम के अन्य अतिथियों में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची से सांसद संजय सेठ, राज्य के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मंत्री संजय प्रसाद यादव, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, राज्यसभा सांसद आदित्य साहु, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा और रांची से विधायक सीपी सिंह होंगे।
राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को सुबह 11 बजे से जतरा का आयोजन डोरंडा स्थित जैप-1 मैदान से मेन रोड स्थित जेल चौक के बिरसा मुंडा स्मृति पार्क तक किया जाएगा। इसके बाद शाम चार बजे से रात आठ बजे तक मोरहाबादी मैदान में सांस्कृति कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। स्थापना दिवस समारोह को लेकर कार्यक्रम स्थल मोरहाबादी में जिला प्रशासन की ओर से सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है।
—————
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे