


रांची, 15 नवंबर (Udaipur Kiran) : झारखंड आज अपना 25वां स्थापना दिवस मना रहा है। इस अवसर पर राज्य भर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस बीच, राज्य के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य के सभी लोगों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
राज्यपाल ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, झारखंड आज अपने स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण कर रहा है, यह विभिन्न क्षेत्रों में हमारी प्रेरणादायक प्रगति का प्रतीक है। मैं आप सभी की सुख-समृद्धि और राज्य की निरंतर उन्नति की कामना करता हूं।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर सभी राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, आज का दिन हमारे पुरखों के संघर्ष, बलिदान और आत्मसम्मान को नमन करने का अवसर है। धरती आबा बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू और फुलो-झानो जैसे वीरों की विरासत से प्रेरित होकर हमारा झारखंड आज विकास, संस्कृति और पहचान की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। अबुआ सरकार हर मईयां के सम्मान, बच्चों की शिक्षा, युवाओं के रोजगार और परिवारों की सुरक्षा के लिए संकल्पित है।
झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा है कि नैसर्गिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर और अपार खनिज संपदा से भरपूर हमारा प्रिय झारखंड अद्भुत विविधताओं का संगम है। झारखंड की भूमि पर जनजातीय वीरों के त्याग, संघर्ष और स्वाभिमान की गाथाएं आज भी हमारी युवा पीढ़ी को प्रेरणा देती है। हमारा झारखंड निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़े, नई ऊंचाइयों को छुए और प्रत्येक नागरिक के जीवन में खुशहाली और समृद्धि आए, ईश्वर से यही प्रार्थना करता हूं।
————–
(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे