गोरखपुर, 28 जुलाई (Udaipur Kiran) । उत्तर प्रदेश के गाेरखपुर समेत पूर्वांचल में साेमवार काे झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को गोरखपुर जनपद में 74.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
दिनभर शहर के आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर वर्षा होती रही।
मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश ने बताया कि आगामी 48 घंटों में मानसून की गतिविधियों में तेज़ी आने की संभावना है। विशेष रूप से 30 जुलाई को अच्छी बारिश का पूर्वानुमान है। नागरिकों को सलाह दी गई है कि वह अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करें। बारिश से जहां तापमान में गिरावट आई है, वहीं जलजमाव की समस्या भी बनी रही।
बारिश से किसानों के चेहरों पर ख़ुशी
गोरखपुर में झमाझम बारिश ने मौसम को सुहाना कर दिया। लंबे समय से गर्मी की मार झेल रहे शहरवासियों को इस बारिश से बड़ी राहत मिली है। खेतों में धान की फसल लगाए किसानों के चेहरों पर भी ख़ुशी की लहर दौड़ गई है। यह बारिश उनकी फसलों के लिए वरदान साबित हुई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक जिले में रुक-रुक कर बारिश की संभावना बनी रहेगी। यह बारिश न केवल गर्मी से निजात दिलाएगी, बल्कि खेती-किसानी के लिए भी लाभकारी होगी। किसान बचन सिंह ने बताया कि यह बारिश हमारे लिए अमृत के समान है। धान और अन्य फसलों को अब अच्छा पानी मिलेगा। इससे पैदावार बढ़ने की उम्मीद है। शहर के लोगों ने भी इस बारिश का स्वागत किया और कई जगहों पर बच्चे बारिश में भीग कर आनंद उठाते नजर आए।
—————
(Udaipur Kiran) / प्रिंस पाण्डेय
