
-फिलहाल एशियन शूटिंग चैंपियनशिप प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कजाकिस्तान में है मनु
झज्जर, 16 अगस्त (Udaipur Kiran) । खेल रत्न और अर्जुन अवार्ड विजेता झज्जर की शूटर मनु भाकर ने अब पद्मश्री सम्मान के लिए आवेदन किया है। वर्तमान में वह कजाकिस्तान में 16 से 30 अगस्त तक चल रही एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में भाग ले रही हैं।
झज्जर के गांव गोरिया में जन्मीं मनु भाकर के परिवार एक सदस्य ने बताया कि मनु ने पद्मश्री के लिए आवेदन किया है। मनु विश्व शूटिंग चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए भी तैयारी कर रही है। यह प्रतियोगिता और इंटरनेशनल शूंटिंग स्पोर्ट्स फेडरेशन (आईएसएसएफ) विश्व कप का आयोजन 2027-28 में भारत की राजधानी नई दिल्ली में होगा। दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज से बीए और पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से एमए कर चुकी मनु भाकर ने अब खेल मैनेजमेंट में एमबीए की पढ़ाई के लिए भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) रोहतक में प्रवेश के लिए आवेदन किया है। एशियाई चैंपियनशिप कज़ाकिस्तान से लौटने के बाद वह यह पढ़ाई शुरू करेंगी। उल्लेखनीय है कि मनु भाकर को खेल उपलब्धियों के लिए दिए जाने वाले देश के हर बड़े सम्मान से नवाजा जा चुका है। मनु भाकर को इस साल जनवरी में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से खेल रत्न पुरस्कार मिला था। वर्ष 2024 में फ्रांस की राजधानी पेरिस में हुए ओलंपिक खेलों में टीम प्रतिस्पर्धा में मनु को दो स्वर्ण पदक हासिल हुए थे। इससे पहले वर्ष 2018 में हुए यूथ ओलंपिक में भी इस अचूक निशानेबाज ने एक स्वर्ण और एक रजत पदक पर कब्जा जमाया। उसी साल आईएसएसएफ स्वर्ण पदक और राष्ट्रमंडल खेलों में 10 मीटर एयर पिस्टल शूटिंग स्पर्धा में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। उसके बाद वर्ष 2022 विश्व चैंपियनशिप में एक स्वर्ण व एक रजत और एशियन चैंपियनशिप 2023 की 25 मीटर टीम प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
—————
(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज
