
झज्जर, 31 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के सचिव ओमप्रकाश धनगढ़ ने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल देश की एकता व अखंडता के पुरोधा हैं। वर्तमान भारत के स्वरूप के शिल्पकार हैं। धनखड़ ने यह बात शुक्रवार को सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर बादली में आयोजित रन फॉर यूनिटी में भागीदारों को संबोधित करते हुए कही।
धनखड़ ने कहा कि अंग्रेजों ने आजादी देते समय देश को 562 रियासतों में विभाजित कर रखा था। सरदार पटेल ने सभी रियासतों को जोडक़र वर्तमान भारत का स्वरूप बनाया। इसलिए आज पूरा देश सरदार पटेल को भावपूर्ण नमन करते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संकल्प ले रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को समर्पित अनेक कार्यक्रम होंगे। हर जिला में पदयात्राएं निकाली जाएंगी।
धनखड़ ने कहा कि हैदराबाद रियासत को 1948 में भारत में शामिल करने पर लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा गया था। आज भी हैदराबादी लोग सरदार पटेल के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हैं। पीएम मोदी ने कश्मीर से धारा 370 हटाकर सरदार पटेल के सपनों को पूरा करने का काम किया है। धनखड़ ने कहा कि आजादी के बाद देश की जनता चाहती थी कि पटेल देश का प्रधानमंत्री बनें। लेकिन कुछ कांग्रेसियों ने मिलकर देश के लोगों की भावनाओं के खिलाफ जाकर नेहरू को देश का प्रधानमंत्री बना दिया। देशभर में आज भी चर्चा होती है कि अगर देश के पहले प्रधानमंत्री पटेल होते तो भारत की तस्वीर ही अलग होती।
धनखड़ ने हरियाणा के 60वें स्थापना दिवस की प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि पिछले 60 वर्षों में हरियाणा ने हर क्षेत्र में प्रगति की है। हरियाणा के लोगों ने हांगे को फोकस करना सीख लिया है। अब हरियाणा और तेजी से प्रगति करेगा। अन्न उत्पादन में हमारे किसान, सीमा पर हमारे जवान, खेल मैदान में हमारे खिलाड़ी अग्रणी हैं।
ट्रैक्टर निर्माण हो या दोपहिया वाहन हो या कार निर्माण सभी जगह हरियाणा आगे हैं। प्रदेश की नायब सरकार शुचिता और पारदर्शिता के साथ सभी को साथ लेकर आगे बढ़ रही है। निश्चित रूप से हरियाणा विकसित भारत नींव बनकर उभरेगा। धनखड़ ने सभी को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पुरुषों के अलावा महिलाओं, युवाओं और छात्रों ने सरदार पटेल की स्मृति में आयोजित रन फॉर यूनिटी में भाग लेते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ ली।
—————
(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज