Haryana

झज्जर : एक पेड़ मां के नाम अभियान को त्यौहार की तरह मनाते हुए जन आंदोलन बनाएं : राजेश जून

केंद्रीय विद्यालय मातनहेल के परिसर में आयोजित वन महोत्सव के दौरान पौधारोपण करते विधायक राजेश जून व जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना।

झज्जर, 11 अगस्त (Udaipur Kiran) । मातनहेल स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय परिसर में सोमवार को वन विभाग द्वारा 76 वें जिला स्तरीय वन महोत्सव समारोह का आयोजन किया गया। बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून व जिला परिषद के चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने पौधारोपण करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समझ में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए बहादुरगढ़ के विधायक राजेश जून ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में पर्यावरण को समृद्ध बनाए जाने की दृष्टि से एक पेड़ मां के नाम से प्रदेश में व्यापक स्तर पर पौधारोपण का जन अभियान चलाया जा रहा है। विधायक जून ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान को त्यौहार की तरह मनाना चाहिए और अपने आसपास के लोगों को भी सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित करते हुए इसे जन आन्दोलन बनाएं।

उन्होंने कहा कि वृक्ष के बगैर मानव जीवन की कल्पना भी करना बेकार है। पेड़ों के सहारे ही हम और सभी जीव-जंतु अपना जीवन बिता रहे हैं। इसलिए इनके महत्व को कम ना आंके और एक पेड़ मां के नाम से अवश्य लगाएं। पिछले साल एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत प्रदेश में एक करोड़ 87 लाख पौधे लगाए गए थे। इस साल अभियान के दूसरे चरण में दो करोड़ 10 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं नागरिकों से स्वदेशी उत्पाद अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इससे पहले उन्होंने स्कूल परिसर में पौधा लगाकर वन महोत्सव का शुभारंभ किया। जिला परिषद चेयरमैन कप्तान सिंह बिरधाना ने आह्वान किया कि भारत ऐसा देश है जहां जमीन को भी माता का दर्जा दिया गया है। सभी नागरिक अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाएं। उन्होंने कहा कि पेड़ों से ही हमें जीवनदायिनी प्राण वायु ऑक्सीजन मिलती है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय कबलाना ने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण में मील का पत्थर साबित होगा। वन मंडल अधिकारी प्रवीण कुमार यादव ने कहा कि जिला की ग्राम पंचायतोंए राजकीय विद्यालयों और समाजसेवी संस्थाओं को अभी तक एक लाख से ज्यादा पौधे बांटे जा चुके हैं। वन महोत्सव में सभी नागरिकों ने पर्यावरण रक्षा की शपथ ली। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष विकास वाल्मीकि व सुरेंद्र शर्मा और जिला प्रशासन की तरफ से एडीसी जगनिवास, सीईओ जिला परिषद मनीष फौगाट और जैव विविधता बोर्ड के जिला समन्वयक आशीष कादयान भी मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज

Most Popular

To Top