
झज्जर, 7 जुलाई (Udaipur Kiran) । इंडियन नेशनल लोकदल जिला झज्जर कार्यकारिणी की बैठक सोमवार को पार्टी कार्यालय झज्जर में हुई। बैठक में मुख्य रूप से इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शीला नफे सिंह राठी मौजूद रहीं, जबकि बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सतपाल पहलवान ने की। बैठक में संगठन की मजबूती को लेकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने चर्चा की।
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शीला नफे सिंह राठी ने कहा कि इनेलो चौ. देवीलाल का लगाया हुआ पौधा है, जिसे चौ. ओमप्रकाश चौटाला व इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला ने अपने लाखों पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सींचकर वट वृक्ष बनाया। उनके नेतृत्व में इनेलो का संगठन दिनोंदिन मजबूत
हो रहा है। पार्टी को पहले से भी अधिक मजबूती देने का सिलसिला लगातार जारी है। इस दिशा में पार्टी का एक-एक सिपाही दी गई जिम्मेदारी को पूरी शिद्दत से निभा रहा है, जिससे यह राजनीतिक दल आज पूरे हरियाणा में सर्वाधिक मजबूत व लोकप्रिय है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी प्रकोष्ठों के संयोजक व हलकाध्यक्ष अपनी-अपनी कार्यकारिणी का गठन करें।
जिलाध्यक्ष सतपाल पहलवान ने कहा कि भाजपा सरकार में प्रदेश की महिलाएं, व्यापारी भय के साए में जीने को मजबूर हैं। कानून व्यवस्था पूरी तरह से लाचार है, अस्पतालों में चिकित्सक नहीं और सरकारी स्कूलों में अध्यापक नहीं होने के कारण प्रदेश का मूल इंफ्रास्ट्रक्चर पूरी तरह से चरमरा गया है। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन की मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ता पहले की तरह ही अपना दायित्व पूरी गंभीरता से निभाएं, ताकि पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जा सके। बैठक में पप्पू कानोंदा, मास्टर सुखबीर सरोहा, जयभगवान डीघल, पूर्व चेयरमेन देवेंद्र जाखड़, सोनू सैनी व महेंद्र दलाल सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन रामनिवास सैनी ने किया।
—————
(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज
