Haryana

झज्जर : भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल, विपक्ष की भूमिका निभाने में कांग्रेस फेल: अभय चौटाला

बहादुरगढ़ में इनेलो कार्यकर्ता सम्मेलन में मंचासीन अभय चौटाला और अन्य नेता।

झज्जर, 20 अगस्त (Udaipur Kiran) । अभय चौटाला ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जनता के कल्याण में मौजूदा सरकार की कोई रुचि नहीं है। जबकि विपक्ष की भूमिका निभाने में कांग्रेस पूरी तरह विफल है। अभय चौटाला में यह बात बुधवार को बहादुरगढ़ में आयोजित पार्टी कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।

इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा कि इंडी गठबंधन ने जरूरी दलों को गठबंधन में शामिल न करके कांग्रेस ने भाजपा को परोक्ष लाभ पहुंचाया है। प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। जिसका उदाहरण नफे सिंह राठी की हत्या से लगाया जा सकता है। आज भी नफे सिंह राठी के हत्यारे व साजिशकर्ता पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं और सरकार दोषियों को बचाने में लगी हुई है। उन्होंने नफे सिंह राठी के हत्यारों को शीघ्र पकड़ने की मांग की। साथ ही कहा कि भिवानी में मनीषा हत्याकांड में गैर जिम्मेदाराना तरीके से जांच करना सरकार की नाकामी है। इनेलो इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा की तीसरी बार जीत के लिए जिम्मेवार भूपेंद्र हुड्डा एंड पार्टी है। यदि भाजपा तीसरी बार सत्ता में आई है तो उसका कारण भी कांग्रेस से जुड़े नेता बाप-बेटा ही हैं। चौटाला ने कहा कि वोट चोरी अगर होती तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा चुनाव कैसे जीतते। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र में काम रोको प्रस्ताव पर पूरे दिन चर्चा होनी चाहिए, सत्र की अवधि ज्यादा होनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने जलभराव की विशेष गिरदावरी करवाकर किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिए जाने की मांग भी की।अभय चौटाला ने सम्मेलन में उपस्थित कार्यकर्ताओं को 25 सितंबर को चौधरी देवीलाल के जन्म दिवस पर होने वाली सम्मान दिवस रैली में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ताऊ देवीलाल ने बुजुर्गों के सम्मान में बुढ़ापा पेंशन शुरू कीए किसानों के हितों की आवाज उठाई और उनके लिए नीतियां बनाई। साथ ही सभी वर्गों के उत्थान के लिए समान रूप से नीतियों को लागू किया। उन्होंने कहा कि ताऊ देवीलाल की नीतियों पर चलते हुए इनेलो ने हमेशा किसान, मजदूर व आम वर्ग की आवाज को उठाया है और उनके हकों के लिए सदैव कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रही है।इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि ताऊ देवीलाल की नीतियों को आज पूरा हरियाणा याद कर रहा है और 25 सितंबर को होने वाली सम्मान दिवस रैली में लोग पूरे जोश व उत्साह के साथ पहुंचेंगे। आज किसान, मजदूर, व्यापारी व आम वर्ग सभी भाजपा सरकार की कुनीतियों से परेशान है और अब इनेलो को सत्ता में लाने का मन बना चुके हैं।इनेलो प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य शीला नफे सिंह राठी ने कहा कि वर्तमान में बहादुरगढ़ समेत पूरे हरियाणा में जिस प्रकार से लचर कानून व्यवस्था हैए उससे आम वर्ग भय के साए में जी रहा है। इनेलो नेता कपूर सिंह राठी ने कहा कि ताऊ देवीलाल की जयंती पर आयोजित सम्मान दिवस महारैली में भारी संख्या में लोग पहुंचेंगे, क्योंकि ताऊ देवीलाल द्वारा लागू की गई अनेक योजनाओं का लाभ सभी वर्गों को मिल रहा है।

—————

(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज

Most Popular

To Top