Madhya Pradesh

झाबुआ: सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग एवं जागरुकता अभियान की शुरूआत

राज्यपाल पटेल बीमार बच्चे से बात करते हुए

झाबुआ, 1 जुलाई (Udaipur Kiran) । मध्यप्रदेश के 33 जिलों में झाबुआ जिला भी समाहित है, जहां आज (1 जुलाई) से सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग एवं जागरुकता अभियान की शुरुआत हो रही है। इस अभियान की शुरुआत राज्यपाल मंगू भाई पटेल की इस मंशा के अनुरूप है कि प्रदेश को सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग में शत प्रतिशत स्क्रीनिंग के द्वारा सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन प्रदेश बनाना है। सौ दिवसीय इस अभियान के अंतर्गत अन्य सभी जिलों के साथ झाबुआ जिले में भी प्रतिदिन 710 और सौ दिन में 71 हजार व्यक्तियों की जांच होनी है। इस सौ दिवसीय अभियान को जिले में जनजातीय कार्य विभाग, उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आयुष, महिला एवं बाल विकास विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर पूरा किया जाएगा। अभियान का समापन 15 नवंबर, राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर किया जाएगा।

जनजातीय प्रकोष्ठ, राजभवन भोपाल, डॉ. दीपमाला रावत के अनुसार राज्य सिकल सेल एनीमिया की स्क्रीनिंग करने में देश के सभी राज्यों में मध्यप्रदेश का नाम प्रथम स्थान पर है। लेकिन राज्यपाल मंगू भाई पटेल के विजन अनुसार सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग में संख्यात्मक दृष्टि से प्रथम नहीं बल्कि शत प्रतिशत स्क्रीनिंग करके प्रदेश को सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन प्रदेश बनाना है।

डॉ. दीपमाला रावत के अनुसार राज्यपाल मंगू भाई पटेल चाहते हैं कि इस अभियान में जहां इलेक्ट्रॉनिक और प्रिंट मीडिया प्रचार-प्रसार में सहयोग करे, वहीं जन प्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, निजी संस्थाएं और आम जनमानस प्रशासन के साथ सहयोग कर अभियान को सफल बनाने में अपनी भूमिका सुनिश्चित करें।

अभियान के संबंध में मिली जानकारी अनुसार राज्यपाल मंगू भाई पटेल के उक्त विचार को सार्थक स्वरूप प्रदान करने हेतु उप मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन द्वारा 19 जून 2025 को विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर जनजाति बाहुल्य बडवानी जिले से 100 दिवसीय सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग एवं जागरुकता अभियान 1 जुलाई से प्रारम्भ करने की घोषणा की गई थी, उपमुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश द्वारा अभियान के सफल संचालन हेतु आवश्यक सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है, और इस संदर्भ में दिशा निर्देश प्रदेश के ऐसे 33 जिलों के जिला कलेक्टर और मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी को भेजे गए है, जहां सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन संचालित है। जिला कलेक्टरों को प्रेषित पत्र में 33 जिले और उनमें प्रतिदिन के हिसाब से 100 दिन में सिकल सेल जॉच होने वाले व्यक्तियों का जिलेवार लक्ष्य दिया गया है।

पीआर ओ, झाबुआ, जिनैन्द्रिय सगोरिया ने अभियान संबंधी जानकारी देते हुए बताया कि सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग एवं जागरुकता अभियान के अंतर्गत जिले में प्रतिदिन 710 और सौ दिन में 71 हजार व्यक्तियों की जांच होनी है। इस सौ दिवसीय अभियान को जनजातीय कार्य विभाग, उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, आयुष, महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा समन्वय स्थापित कर पूरा किया जाएगा। अभियान का समापन 15 नवंबर, राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस पर किया जाना प्रस्तावित है।

—————

(Udaipur Kiran) / डॉ. उमेश चंद्र शर्मा

Most Popular

To Top