RAJASTHAN

इस्लामी तहजीब के साथ मनाया जश्ने ईद मीलादुन्नबी

jodhpur

जोधपुर, 05 सितम्बर (Udaipur Kiran) । मजहबे इस्लाम के आखिरी पैगम्बर हजरत मुहम्मद सअव के दुनिया में आमद का जश्न (यौमे पैदाइश) ईद मीलादुन्नबी का पर्व शुक्रवार को अकीदत व ऐहतराम से मनाया गया। इस दौरान शहर में ईद मीलादुन्नबी जलसा समिति के बैनर तले जुलूस-ए-मुहम्मदी का आयोजन किया जाएगा। इसमें बड़ी संख्या में हाथों में झंडे लिए लोगों ने हिस्सा लिया। सादगीपूर्ण तरीके से निकले इस जुलूस में बच्चों से लेकर बड़े सभी शामिल हुए।

ईद मीलादुन्नबी के अवसर पर आज शहर में जुलूस निकालने के लिए सुबह ही मुस्लिम समाज के लोग राजकीय उम्मेद स्टेडियम ग्राउंड में जुटने शुरू हुए। मुस्लिम के धर्म गुरुओं ने राजकीय उम्मेद स्टेडियम से जुलूस को रवाना किया। जुलूस ए मुहमदी में शामिल हुए मुस्लिम समुदाय के लोगों ने आपसी प्रेम, भाईचारा, कौमी एकता और सद्भाव का पैगाम दिया। इस दौरान जगह-जगह पर विभिन्न संस्थाओं ने जुलूस का स्वागत किया। जुलूस स्टेडियम से बंबा मोहल्ला, साइकिल मार्केट घंटाघर, नई सडक़, पुरी तिराहा, सहकारी बाजार, रेलवे स्टेशन, ओलंपिक रोड होते हुए जालोरी गेट ईदगाह पहुंचा, जहां अकीदतमंदों ने देश की खुशहाली और अमन की दुआ मांगी। जुलूस में नबी के रोजे की झांकियां आकर्षण का केन्द्र रही। जूलूस के दौरान जगह-जगह पर मुस्लिम समुदाय की विभिन्न संस्थाओं ने जूलूस ए मुहम्मदी का इस्तकबाल गुलपोशी करके किया। जुलूस ईदगाह पहुंचकर देश की खुशहाली और अमन की दुआओं के साथ संपन्न हुआ। ईदगाह में पूरे देश में अमन-चैन की कामना की।

पुलिस का रहा कड़ा बंदोबस्त

ईद मीलादुन्नबी पर्व के दौरान शहर में पुलिस का कड़ा बंदाबेस्त रहा। ऐहतियात के तौर पर ड्रोन से मकानों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की छतों की जांच की गई। जुलूस के दौरान कमिश्नरेट के दोनों जिलों में दो हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए। ईदगाह व जालोरी गेट के आस-पास तीन सौ से अधिक पुलिसकर्मी लगाए गए। पुलिस ने जुलूस के रूट वाले स्थानों के आसपास ड्रोन से मकान व दुकानों की छतों की जांच की।

(Udaipur Kiran) / सतीश

Most Popular

To Top