Assam

जापानी दूतावास के मंत्री नोरियाकी आबे ने भाजपा प्रवक्ताओं से की सार्थक चर्चा

गुवाहाटी, 01 नवम्बर (Udaipur Kiran) । जापान दूतावास के मंत्री (राजनीतिक) नोरियाकी आबे ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) असम प्रदेश मुख्यालय, वाजपेयी भवन का दौरा किया और पार्टी के प्रवक्ताओं के साथ एक संवाद सत्र में भाग लिया।

इस अवसर पर भाजपा असम प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता किशोर उपाध्याय ने पारंपरिक असमिया सम्मान के साथ आबे का स्वागत किया। उन्हें ‘जापी’, ‘गामोछा’ और ‘चेलेंग’ भेंटकर असम की अतिथि सत्कार परंपरा का परिचय दिया गया।

बैठक के दौरान नोरियाकी आबे ने कहा कि भारत और जापान मित्र देशों के रूप में विभिन्न क्षेत्रों में विकास और आदान–प्रदान को मजबूत करने के लिए मिलकर काम करते रहेंगे। उन्होंने जापान में घटती जनसंख्या पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे देश में कुशल युवाओं की बड़ी आवश्यकता पैदा हुई है। उन्होंने विशेष रूप से असम जैसे राज्यों से शिक्षित भारतीय युवाओं के लिए स्वास्थ्य सेवा, आतिथ्य और आपात प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में रोजगार की अपार संभावनाओं का उल्लेख किया।

आबे ने असम सरकार की उस पहल की भी सराहना की जिसमें बेरोजगार युवाओं को जापानी भाषा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह कदम युवाओं को जापान में बेहतर रोजगार पाने में मदद करेगा।

उन्होंने असम की चाय की गुणवत्ता की प्रशंसा करते हुए कहा कि जापान भी अपनी चाय उत्पादन पद्धति को और उन्नत करने के लिए प्रयासरत है। आबे ने असम की चाय उद्योग की उत्कृष्टता और उसकी वैश्विक ख्याति की सराहना की।

तीसरी बार असम की यात्रा पर आए नोरियाकी आबे ने पूर्वोत्तर क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और सांस्कृतिक समृद्धि की भी प्रशंसा की।

—————

(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश

Most Popular

To Top