

कोरबा/जांजगीर-चाम्पा, 23 अगस्त (Udaipur Kiran) । जांजगीर-चाम्पा पुलिस ने आज शनिवार को सारागांव के नवीन महाविद्यालय में एक महत्वपूर्ण जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस कार्यक्रम में छात्र/छात्राओं और शिक्षकगण सहित लगभग 200 लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान, सायबर अपराध से बचने, ऑनलाइन धोखाधड़ी, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही, डिजिटल अरेस्ट से बचने और मोबाइल पर किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने की सलाह दी गई।
नशा पान सेवन से होने वाले दुष्प्रभाव के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके अलावा, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, मोटरसायकल में ट्रिपल सवारी नहीं करने, हेलमेट पहनकर मोटर सायकल चलाने और तेज गति में वाहन नहीं चलाने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के दौरान, छात्र-छात्राओं को राहवीर योजना के संबंध में भी जानकारी दी गई। दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को त्वरित उपचार हेतु नजदीकी अस्पताल तक पहुंचाने में मदद करने के लिए प्रेरित किया गया।
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चाम्पा विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के कुशल मार्गदर्शन में जांजगीर-चाम्पा पुलिस द्वारा जन-जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
सायबर शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। वित्तीय धोखाधड़ी या किसी अन्य साइबर अपराध के शिकार होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करने या भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4सी) की वेबसाइट cybercrime.gov.in पर जाने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन थाना सारागांव प्रभारी निरीक्षक सुभाष चौबे द्वारा किया गया था।
(Udaipur Kiran) /हरीश तिवारी
—————
(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी
