जांजगीर-चांपा, ०७ अक्टूबर (Udaipur Kiran News) I जिले में आज मंगलवार को हसदेव नदी के एनीकेट में एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ मिला। महिला की उम्र लगभग 30-40 वर्ष बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकलवाया। मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र का है।
नवागढ़ थाना प्रभारी अशोक वैष्णव ने बताया कि, तालदेवरी गांव के पास बने एनीकेट में ग्रामीणों ने सबसे पहले शव को देखा। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और टीम की सहायता से शव को नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, शव एक से दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। यह हादसा है या हत्या, इसका खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल, पुलिस ने मृतका की पहचान के लिए सभी थाना क्षेत्रों में उसकी तस्वीरें भेजी हैं और आगे की जांच पड़ताल जारी है।
महिला की पहचान के लिए पुलिस ने उसके पहनावे का विवरण भी जारी किया है। मृतका ने काले रंग का ब्लाउज और दोनों हाथों में लाल रंग की चूड़ियां पहन रखी थीं। शरीर पर अन्य कोई कपड़े नहीं थे।
(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी
—————
(Udaipur Kiran) / हरीश तिवारी
