Uttar Pradesh

उप्र उपभोक्ता सहकारी संघ लि० के निर्विरोध सभापति बने जमुना प्रसाद कुशवाहा

जमुना कुशवाहा की फाइल फोटो

झांसी, 26 जून (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष, जमुना प्रसाद कुशवाहा को उत्तर प्रदेश की प्रमुख सहकारी संस्थाओं में से एक उत्तर प्रदेश उपभोक्ता सहकारी संघ लिमिटेड का निर्विरोध सभापति/अध्यक्ष चुना गया है। इस महत्वपूर्ण पद के साथ उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा भी प्रदान किया गया है।

जमुना प्रसाद कुशवाहा संघ के कुल 15 निदेशकों (डायरेक्टर्स) में से निर्विरोध रूप से सभापति चुने गए, जो उनके व्यापक जनसमर्थन और संगठनात्मक सम्मान को दर्शाता है। उनके निर्वाचन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और क्षेत्रवासियों में हर्ष का माहौल है। जमुना प्रसाद कुशवाहा के नेतृत्व कौशल, समर्पण और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकार किया गया। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने जमुना प्रसाद कुशवाहा को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि उनके अनुभव और कार्यशैली से सहकारी संघ को नई दिशा और गति मिलेगी। झांसी जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। जगह-जगह स्वागत कार्यक्रमों और बधाई संदेशों का सिलसिला लगातार जारी है।

श्री कुशवाहा ने अपने वक्तव्य में सभी निदेशकों, कार्यकर्ताओं, नेताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस जिम्मेदारी को सेवा का माध्यम मानते हैं और पूरी निष्ठा से प्रदेश के उपभोक्ताओं और सहकारी व्यवस्था के हित में कार्य करेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / महेश पटैरिया

Most Popular

To Top