HimachalPradesh

जयराम ठाकुर प्रदेश के सबसे लोकप्रिय नेता, आपदा की घड़ी में हमेशा खड़े रहे : राज ठाकुर

मंडी, 19 सितंबर (Udaipur Kiran) । मंडी जिला के द्रंग विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से लगभग 400 परिवार प्रभावित हुए हैं। कई घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं जबकि अनेक को आंशिक नुकसान पहुंचा है। सड़क संपर्क मार्ग अब तक बहाल नहीं हुए हैं, जिससे लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। द्रंग विधानसभा के भाजपा द्रंग मंडल अध्यक्ष राज ठाकुर, पदर मंडल अध्यक्ष इंद्र, स्नोर मंडल अध्यक्ष तरसेम भारती ने कहा कि इस संकट की घड़ी में भाजपा कार्यकर्ता लगातार प्रभावित परिवारों के बीच पहुँचकर हरसंभव सहयोग कर रहे हैं। लेकिन दुख की बात है कि प्रशासन और वर्तमान कांग्रेस सरकार की ओर से अब तक किसी प्रकार की ठोस सहायता नहीं पहुँची है। कई लोग भूखे सोने को मजबूर हुए, तब भाजपा कार्यकर्ताओं ने राशन किट उपलब्ध करवाकर लोगों की मदद की।

द्रंग विधानसभा के तीनों मंडल अध्यक्षों ने पूर्व विधायक द्वारा दिए गए बयानों को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर जी प्रदेश के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं, जिन्होंने हमेशा जनता के सुख-दुख में भागीदारी की है।

पूर्व मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने द्रंग विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए अनेक योजनाएँ दीं और आज भी लोगों के साथ मजबूती से खड़े हैं। स्वास्थ्य लाभ की स्थिति में भी वे निरंतर जनता के बीच सक्रिय हैं और अब तक 25 से अधिक कार्यक्रमों में भागीदारी कर चुके हैं।

मंडल अध्यक्षों ने स्पष्ट किया कि पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर को जयराम ठाकुर जैसे लोकप्रिय नेता पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार आपदा प्रभावितों की मदद करने में पूरी तरह विफल रही है। न कोई मंत्री और न ही कोई अधिकारी प्रभावित क्षेत्र में पहुँचे। इससे स्पष्ट है कि सरकार गहरी नींद में सोई हुई है और केवल अपनी राजनीतिक रोटियाँ सेक रही है। भाजपा मंडल अध्यक्षों ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता द्रंग विधानसभा क्षेत्र और संगठन की मजबूती के लिए किसी भी निर्णय हेतु पूरी तरह तैयार हैं।

—————

(Udaipur Kiran) / मुरारी शर्मा

Most Popular

To Top