Gujarat

जगदीश पांचाल ने गुजरात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए भरा नामांकन, कल होगा पदग्रहण समारोह

જગદીશ પંચાલ બનશે ગુજરાત ભાજપના પ્રદેશ પ્રમુખ

गांधीनगर, 03 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । गुजरात के सहकारिता मंत्री जगदीश पांचाल ने शुक्रवार को विजय मुहूर्त में भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष पद के

लिए प्रदेश कार्यालय कमलम में अपना नामांकन पत्र भरा। उन्होंने अपना नामांकन पत्र चुनाव अधिकारी उदय कानगड को सौंपा।

प्रदेश अध्यक्ष पद की चुनाव प्रक्रिया के तहत किरीट सोलंकी, दिनेश अनावड़िया, भूपेंद्रसिंह चूडासमा, रंजनबेन भट्ट, भरतसिंह परमार, रजनी पटेल, विनोद चावड़ा, वेलजीभाई मसाणी और शंभुनाथ टुंडिया ने भी नामांकन पत्र भरे हैं।

उल्लेखनीय है कि सहकारिता मंत्री अगर जगदीश पांचाल गुजरात भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनते हैं तो गुजरात भाजपा में अहमदाबाद का दबदबा दिखाई देगा, क्योंकि मुख्यमंत्री के बाद अब प्रदेश अध्यक्ष भी अहमदाबाद से होंगे। प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रदेश चुनाव समिति भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के परिणाम की घोषणा करेगी और पदग्रहण समारोह कल 4 अक्टूबर को सुबह 10 बजे प्रदेश कार्यालय कमलम में आयोजित होगा।

इस कार्यक्रम में सांसद तथा केंद्रीय चुनाव प्रभारी के. लक्ष्मण, गुजरात प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष सी.आर. पाटिल, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और संगठन महामंत्री रत्नाकर उपस्थित रहेंगे।

यह गौरतलब है कि अगले वर्ष गुजरात में पालिका–पंचायतों के चुनाव होने वाले हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल पाटीदार समाज से आते हैं, जबकि गुजरात में ओबीसी मतों का बड़ा प्रभाव है, इसलिए भाजपा ने यह चुनावी रणनीति अपनाई है। कांग्रेस ने अपने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में ओबीसी नेता अमित चावड़ा को चुना है, जिसके बाद भाजपा के लिए भी किसी ओबीसी नेता को महत्व देना आवश्यक हो गया है।

—————

(Udaipur Kiran) / Abhishek Barad

Most Popular

To Top