Madhya Pradesh

एसआईआर के माध्यम से हर पात्र मतदाता तक पहुंचना ही हमारी जिम्मेदारी: हितानंद

बीजेपी प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने  एसआईआर को लेकर सागर भाजपा कार्यालय में बैठक को किया संबोधित

बीजेपी प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने सोमवार को एसआईआर को लेकर सागर भाजपा कार्यालय में बैठक को किया संबोधित

सागर/भोपाल, 24 नवंबर (Udaipur Kiran) । बीजेपी प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने सोमवार को सागर भाजपा कार्यालय में एसआईआर अभियान को लेकर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एक संवैधानिक प्रक्रिया होने के साथ-साथ लोकतंत्र की सुरक्षा, पारदर्शिता और नागरिक अधिकारों की रक्षा का महत्वपूर्ण आधार है। एसआईआर अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जुड़े और कोई भी वास्तविक मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। मतदाता सूची का शुद्धिकरण केवल चुनावों के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया का हिस्सा है।

बूथ स्तर पर जाकर जनता को जागरूक करें कार्यकर्ता

भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री ने कहा कि एसआईआर केवल एक सरकारी प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने वाला जन-अभियान है। पार्टी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जाकर जनता को जागरूक करना होगा और उन्हें सही जानकारी उपलब्ध करानी होगी। उन्होंने बताया कि यह अभियान 4 दिसंबर तक चलेगा और इस अवधि में जिले के सभी मंडल और बूथ समितियों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के नाम मतदाता सूची में अवश्य जुड़ें। इसके साथ ही विवाह के बाद परिवार में शामिल हुए नए सदस्यों के नामों को जोड़ना भी आवश्यक है, जिससे कोई भी पात्र मतदाता अपने अधिकार से वंचित न रह जाए। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता का नाम सूची में दो स्थानों पर दर्ज है या वह बाहरी क्षेत्र का है, तो इस पर आपत्ति दर्ज कराकर सूची को शुद्ध किया जाए।

कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण से सफल होगा अभियान

हितानंद ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल नाम जोड़ने की नहीं, बल्कि पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता और निष्ठा के साथ संपन्न कराने की है। उन्होंने कहा कि एसआईआर अभियान में लापरवाही लोकतंत्र को कमजोर कर सकती है, इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी और समर्पण के साथ अभियान को सफल बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर घर-घर संपर्क कर फॉर्म भरवाने में सहयोग, दस्तावेज़ों की जानकारी तथा शंकाओं का समाधान करना कार्यकर्ता का महत्वपूर्ण दायित्व है। कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण से यह अभियान निश्चित रूप से सफल होगा।

—————

(Udaipur Kiran) / नेहा पांडे