Jharkhand

झारखंड में 25 सितंबर को 200 डॉक्टरों को सौंपे जाएंगे नियुक्ति पत्र : इरफान अंसारी

मंत्री इरफान अंसारी की फाइल फोटो

रांची, 23 सितंबर (Udaipur Kiran News) । झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार 25 सितंबर को 200 डॉक्टरों की नियुक्ति करने जा रही है। इसमें 100 स्थायी सरकारी डॉक्टर और 100 अनुबंध पर नियुक्त किए जाने वाले डॉक्टर शामिल होंगे। राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे।

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मंत्री इरफान अंसारी ने मंगलवार को बताया कि यह अबतक की सबसे बड़ी नियुक्ति प्रक्रिया है, जिसका सीधा लाभ गांव और कस्बों के लोगों को मिलेगा। हाल ही में विभाग ने 91 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी और 126 संविदा डॉक्टरों की भी नियुक्ति की है। इससे पहले ग्रामीण इलाकों में डॉक्टरों की कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं बाधित हो रही थीं।

मंत्री ने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास हो रहे हैं। अब नए डॉक्टरों को सेवा देने के लिए आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, बाहर के राज्यों से भी डॉक्टर झारखंड में सेवा देने के लिए आगे आ रहे हैं। सरकार का मानना है कि इन नियुक्तियों से स्वास्थ्य व्यवस्था में लंबे समय से बनी कमी दूर होगी और गांव से लेकर शहर तक लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध हो सकेगा।—————

(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar

Most Popular

To Top