
नई दिल्ली, 13 अगस्त (Udaipur Kiran) । भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने बुधवार को यहां अपनी विशेष आम बैठक (एसजीएम) के दौरान 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए देश की बोली को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी। भारत ने 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के लिए अहमदाबाद को मेज़बान शहर बनाते हुए पहले ही रुचि पत्र जमा कर दिया है, लेकिन भारत को अंतिम बोली के लिए 31 अगस्त से पहले प्रस्ताव जमा करने होंगे।
कनाडा के इस दौड़ से बाहर हो जाने के बाद भारत के 2030 राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी पाने की संभावना बढ़ गई है। राष्ट्रमंडल खेल निदेशक डैरेन हॉल के नेतृत्व में राष्ट्रमंडल खेलों के अधिकारियों का एक दल हाल ही में अहमदाबाद आया और आयोजन स्थलों का निरीक्षण किया और गुजरात सरकार के अधिकारियों से मुलाकात की। इस महीने के अंत में राष्ट्रमंडल खेलों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल पहुंचने की उम्मीद है। राष्ट्रमंडल खेलों की आम सभा नवंबर के अंतिम सप्ताह में ग्लासगो में मेज़बान देश का फैसला करेगी। भारत ने इससे पहले 2010 में दिल्ली में इस बहु-खेल आयोजन की मेजबानी की थी।
—————
(Udaipur Kiran) दुबे
