West Bengal

सियालदह स्टेशन पर धर दबोचे गए अंतरराज्यीय लुटेरे

कोलकाता, 05 सितम्बर (Udaipur Kiran) । लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो कुख्यात अपराधियों को सियालदह स्टेशन से गिरफ्तार किया है। लालबाजार की चोरी दमन शाखा ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए इन्हें पकड़ा। गिरफ्तार आरोपितों के नाम सौरभ यादव और युसुफ अली बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, यह गिरोह मुंबई, पुणे और ठाणे के इलाकों में कई लूटपाट कर चुका है। अपराधी पहले घरों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही खाली घरों से सोना, गहने और नकदी लेकर फरार हो जाते थे। लगातार बढ़ती वारदातों से परेशान महाराष्ट्र पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी थी। दबाव बढ़ने पर गिरोह ने पश्चिम बंगाल का रुख किया और मुर्शिदाबाद के लालगोला इलाके में ठिकाना बना लिया।

हाल ही में इस गिरोह ने कोलकाता के बेहला इलाके में एक घर में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसके बाद से ही लालबाजार पुलिस इनकी तलाश में जुट गई थी। गुप्त सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह दोनों आरोपित लालगोला से सियालदहगामी ट्रेन से कोलकाता पहुंचे, जहां पहले से मौजूद पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।

लालबाजार की टीम गिरफ्तार दोनों आरोपितों से पूछताछ कर रही है। साथ ही राज्य पुलिस भी अलग से उनसे जानकारी लेगी। मुंबई पुलिस को भी इस गिरफ्तारी की सूचना दी जाएगी। जांचकर्ता यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि गिरोह में और कौन-कौन शामिल है और किस तरह से यह नेटवर्क काम करता था। ————————–

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top