
रांची, 21 जून (Udaipur Kiran) । सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, धुर्वा में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2025 के अवसर पर भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान विद्यालय परिसर विविध योग मुद्राओं, उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर रहा।
शारीरिक आचार्य विक्रम कुमार, प्रेमी टोपनो और विवेकानंद प्रजापति के मार्गदर्शन में बच्चों ने ताड़ासन, पादहस्तासन, अर्धचक्रासन जैसे योगासनों का अभ्यास किया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र राय ने कहा भारत सदियों से विश्व गुरु रहा है। और योग इसकी अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अथक प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है। हमें इसे अपनी दिनचर्या में अपनाना चाहिए।
विद्यालय के मंत्री अखिलेश्वर नाथ मिश्र ने कहा कि योग विद्यार्थियों की स्मरण शक्ति और एकाग्रता बढ़ाने में अत्यंत सहायक है। उन्होंने बच्चों को प्रतिदिन योगाभ्यास करने की प्रेरणा दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ललन कुमार ने योग को स्वस्थ समाज निर्माण का आधार बताते हुए इसके व्यापक प्रचार की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में सुचिता रानी राय, दीपक लोहरा, लाल अशोक नाथ शाहदेव, योगेश्वर दुबे, उमेश यादव, शीला सिंह सहित समाज के कई गणमान्य अतिथि और योग प्रेमी मौजूद थे।
—————
(Udaipur Kiran) / Manoj Kumar
