Delhi

महापौर से अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, ठोस कचरा प्रबंधन पर हुई चर्चा

महापौर, नेता सदन प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान।

नई दिल्ली, 9 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । मालदीव, नेपाल सहित विभिन्न देशों का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग 30 सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को दिल्ली नगर निगम के सिविक सेंटर में महापौर राजा इकबाल सिंह से भेंट की। यह दौरा भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आईआईपीए) के सहयोग से आयोजित किया गया था। जिसका उद्देश्य दिल्ली नगर निगम के शासन और ठोस कचरा प्रबंधन की कार्यप्रणाली को समझना था।

महापौर राजा इकबाल सिंह ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए कहा कि दिल्ली नगर निगम एशिया की सबसे बड़ी नगरीय निकायों में से एक है, जो करीब 2 करोड़ नागरिकों को सेवाएं प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि हम सतत विकास, जनभागीदारी और नवाचार के माध्यम से निगम शासन को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ठोस कचरा प्रबंधन प्राथमिक चुनौतियों में से एक है, जिसके समाधान के लिए स्रोत स्तर पर कचरे का पृथक्करण, वैज्ञानिक लैंडफिल प्रबंधन, वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं और सामुदायिक सहभागिता जैसे कदम उठा रहे हैं।

महापौर ने कहा कि यह दौरा ज्ञान और अनुभव के आदान-प्रदान का अवसर है, जिससे न केवल प्रतिनिधिमंडल को दिल्ली की कार्यप्रणाली की जानकारी मिलेगी, बल्कि निगम को भी अन्य देशों की श्रेष्ठ व्यवस्थाओं से सीखने का अवसर प्राप्त होगा।

निगम अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को दिल्ली के टाउन प्लानिंग, मास्टर प्लान, ऑनलाइन बिल्डिंग प्लान स्वीकृति प्रणाली तथा ठोस कचरा प्रबंधन की प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि दिल्ली एक भू-आवेष्ठित (लैंडलॉक्ड) मेगासिटी होने के कारण यहां शहरी कचरा प्रबंधन से जुड़ी विशिष्ट चुनौतियां हैं, जिनसे निपटने के लिए निगम निरंतर नवाचार कर रहा है।

इस अवसर पर उपमहापौर जय भगवान यादव, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, सदन के नेता प्रवेश वाही, स्थायी समिति के उपाध्यक्ष सुन्दर सिंह, निगमायुक्त अश्विनी कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / माधवी त्रिपाठी

Most Popular

To Top