
सिरसा, 26 जुलाई (Udaipur Kiran) । सिरसा के पूर्व विधायक गोपाल कांडा द्वारा विधानसभा चुनाव में इनेलो प्रत्याशी अर्जुन चौटाला को रानियां हलके से जीत दिलाने में पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर के निर्देशों पर अपनी भूमिका का जिक्र करने पर इनेलो ने पलटवार किया है। इनेलो जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा ने कहा कि बेहतर होगा कि कांडा बंधु ऐसी ओछी बयानबाजी करने से बचें।
इनेलो जिलाध्यक्ष ने शनिवार को एक प्रेस बयान में कहा कि रानियां विधानसभा क्षेत्र नए परिसीमन के मुताबिक वर्ष 2009 में अस्तित्व में आया था और उस समय तत्कालीन इनेलो प्रत्याशी कृष्ण कंबोज ने जीत हासिल की थी। उसके बाद वर्ष 2014 में भी इनेलो के ही तत्कालीन प्रत्याशी रामचंद्र कंबोज विजयी हुए थे। अब वर्ष 2024 में इनेलो प्रत्याशी अर्जुन चौटाला यहां से विधायक हैं, ऐसे में पूर्व विधायक गोपाल कांडा ये बताएं कि वर्ष 2009 में मनोहरलाल खट्टर किस प्रकार रानियां में अपना प्रभाव रखते थे। इतना ही नहीं यदि पूर्व विधायक गोपाल कांडा अपनी राजनीति का स्वयं को बड़ा किरदार मानते हैं तो वे ये भी बताएं कि उनके भाई गोविंद कांडा वर्ष 2014 व 2019 में विधानसभा चुनाव क्यों पराजित हुए, साथ ही इस बात का भी खुलासा करें कि भाजपा की तमाम सरकारी मशीनरी का प्रयोग व मतदाताओं को लुभाने के तमाम हथकंडों के बावजूद ऐलनाबाद उपचुनाव में इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला के समक्ष गोविंद कांडा क्यों पराजित हुए।
जस्सा ने कहा कि चौधरी देवीलाल परिवार केवल हरियाणा ही नहीं बल्कि राष्ट्रव्यापी राजनीतिक प्रभाव रखता है जिसका प्रमाण ये है कि देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री रहे लालू प्रसाद यादव, नीतिश कुमार, शरद यादव सरीखे उच्च दर्जे के राजनीतिज्ञ भी उनकी ही पौध माने जाते हैं।
इनेलो जिलाध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा की राजनीति में कटु सत्य है कि आज पूरी कांग्रेस भाजपा की बी टीम के रूप में कार्य कर रही है, जिसका प्रमाण पूर्व में राज्यसभा सदस्य के चयन के दौरान कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा पैन विवाद के चलते भाजपा के प्रत्याशी सुभाष चंद्रा को विजयी बनाकर समूची हरियाणा कांग्रेस को भाजपा के कदमों में डाल दिया था। उन्होंने कहा कि हरियाणा में चौधरी देवीलाल व पूर्व सीएम स्व. ओमप्रकाश चौटाला की ही पहल पर अनेक साधारणजन से हरियाणा की राजनीति का चेहरा बनाया गया।
—————
(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma
