



आदि सेवा पर्व जनजातियों के चहुंमुखी विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम-विधायक
– ‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया पौधरोपण
अनूपपुर, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । धरती आबा जनजातीय उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत आदि सेवा पर्व का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य एवं जल जैसी मूलभूत सुविधाओं के माध्यम से जनजातियों को समाज की मुख्य धारा में लाना है। आदि सेवा पर्व जनजातियों को समाज के मुख्य धारा में लाने का एक सकारात्मक पहल है। नारी स्वस्थ होगी, तभी परिवार स्वस्थ रहेगा। घर में माँ स्वस्थ हो, तो पूरे परिवार की देखभाल अच्छे से कर सकती है। यह बात गुरूवार को अनूपपुर जिले के जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ में आयोजित आदि सेवा पर्व कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद हिमाद्री सिंह ने कहीं।
सांसद ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा जनजाति समाज के लिए अनेक योजनाएं एवं कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें सभी विभागों की भागीदारी है। उन्होंने आह्वान किया कि लोग इन योजनाओं एवं कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। सांसद ने कहा कि हमारी सरकार जनजातीय समाज को सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।
पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को ने कहा कि शासन द्वारा जनजातियों के कल्याण हेतु अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। जनजातीय समाज को इन योजनाओं का लाभ अवश्य उठाना चाहिए। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा आदि सेवा पर्व संचालित किया जा रहा है, जो जनजातियों के चहुंमुखी विकास के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है। इस योजना के अंतर्गत शासन द्वारा जनजातीय समाज को सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। जनजातीय समाज स्वयं यह तय करें कि उनके गाँव में किन-किन मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता है, ताकि शासन द्वारा इस अभियान के माध्यम से उन आवश्यकताओं को पूरा किया जा सके।
हर जरूरतमंद को प्राप्त हो रहा है शासकीय योजनाओं का लाभ-कलेक्टर
कलेक्टर हर्षल पंचोली ने कहा कि जिले में प्रत्येक जरूरतमंद को शासकीय योजनाओं का लाभ जिला प्रशासन द्वारा पहुंचाया जा रहा है। आदि सेवा पर्व के माध्यम से प्रत्येक ग्राम, जनपद एवं नगरीय क्षेत्रों में शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जहां जनजातीय समाज को शासन की सभी योजनाओं का लाभ अभियान चलाकर प्रदान किया जा रहा है। समाज के अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक शासन की शत-प्रतिशत योजनाओं का लाभ पहुँच सके, इस दिशा में जिला प्रशासन सतत प्रयासरत है और आवश्यक कदम उठा रहा है।
कलेक्टर ने बताया कि इस अभियान के अतिरिक्त जिला प्रशासन द्वारा नामांतरण, बंटवारा, नक्शा-तरमीम तथा अन्य जनहितकारी शासकीय योजनाओं का लाभ भी लोगों तक पहुँचाया जा रहा है। कार्यक्रम को जिला योजना समिति के सदस्य हीरा सिंह श्याम ने भी संबोधित किया। आदि सेवा पर्व के संबंध में सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग सरिता नायक ने विधिवत जानकारी दी।
आदि कर्मयोगी पर्व की शपथ
सांसद हिमाद्री सिंह ने आदि कर्मयोगी पर्व की शपथ दिलाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि जनजातियों के उत्थान एवं कल्याण के लिए सभी लोग प्रतिबद्धता के आधार पर अपने-अपने पदीय दायित्व का निर्वहन पूरे निष्ठा के साथ करें। कार्यक्रम में जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ की अध्यक्ष मिथिलेश मरावी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पुष्पराजगढ़ वसीम अहमद भट्ट, अर्जुन सिंह, नर्मदा सिंह, भुवनेश्वरी सिंह, संगीता महोबिया, संतोष पांडेय, सरपंच ग्राम पंचायत किरगी सहित आदि सेवा पर्व अभियान के अंतर्गत जिले के विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहें।
‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने किया पौधरोपण
सांसद हिमाद्री सिंह, पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को, कलेक्टर हर्षल पंचोली, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती वाल्मीकि राठौर, जिला योजना समिति के सदस्य एवं जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ परिसर में ‘‘एक पेड़ माँ के नाम’’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सामूहिक रूप से पौधरोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
इस दौरान सांसद ने कहा कि माँ के नाम पर लगाया गया हर पौधा हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवनदायिनी विरासत बनेगा। विधायक ने इस अवसर पर कहा कि पेड़ लगाना केवल पर्यावरण की रक्षा करना ही नहीं, बल्कि धरती माँ और अपनी जन्मदात्री माँ के प्रति सच्ची समर्पण भी है। कलेक्टर ने कहा कि हर व्यक्ति यदि एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाले समय में यह अभियान हर घर और हर आँगन तक हरियाली पहुँचा देगा।
सांसद ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर दिया आत्मनिर्भरता का संदेश
जनपद पंचायत पुष्पराजगढ़ परिसर में आयोजित आदि सेवा पर्व कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी का सांसद हिमाद्री सिंह, पुष्पराजगढ़ विधायक फुंदेलाल सिंह मार्को एवं कलेक्टर हर्षल पंचोली ने अवलोकन किया। इस अवसर पर जनजातीय कार्य विभाग, मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग ने अपनी-अपनी योजनाओं व गतिविधियों का प्रदर्शन किया।
सांसद ने राष्ट्रीय पोषण माह के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन कर आजीविका मिशन से जुड़ी बहन उर्मिला सिंह से संवाद कर उनकी आजीविका संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान सांसद ने स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देते हुए उनसे कोदो एवं सत्तू खरीदा और प्रधानमंत्री मोदी की डिजिटल इंडिया पहल को बढ़ावा देते हुए ऑनलाइन बारकोड स्कैन कर भुगतान किया। सांसद द्वारा किए गए इस प्रयास की सभी ने सराहना की।
इसके पश्चात सांसद ने पोषण प्रदर्शनी में स्थानीय महिलाओं द्वारा बनाए गए विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों की जानकारी ली। उन्होंने खीर एवं सत्तू का स्वाद चखते हुए इनकी गुणवत्ता की प्रशंसा की और कहा कि पौष्टिक भोजन ही स्वस्थ समाज की आधारशिला है, इसलिए प्रत्येक परिवार को संतुलित आहार अपनाना चाहिए। इसी प्रकार स्वास्थ्य विभाग द्वारा ‘‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार’’ विषय पर लगाए गए प्रदर्शनी का भी उन्होंने अवलोकन किया। सांसद ने विभागीय अधिकारियों से विभाग द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही उन्होंने आवश्यक दिशानिर्देश देते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण तभी संभव है जब वे शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हों, इसलिए स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रत्येक महिला तक पहुँचना चाहिए।
(Udaipur Kiran) / राजेश शुक्ला
