मुंबई,21 जून (Udaipur Kiran) । मुंबई महानगरपालिका ने शहरवासियों को चुस्त-दुरुस्त बनाए ऱखने के लिए शिव योग केंद्र शुरू किए हैं। इन केंद्रों की जानकारी लोगों तक आसानी से पहुंच सके और लोग इसका फायदा उठा सकें इसलिए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर व्हाट्सएप और चैटबैट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। मनपा ने 8999228999 नंबर जारी किया है। इस नंबर के माध्यम से मुंबईकर योग सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
मनपा के स्वास्थ्य़ विभाग ने शनिवार से मुंबईकरों के लिए योग केंद्रों की जानकारी देने के लिए व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा शुरू की है। इस सेवा का लाभ उठाने के लिए मुंबईकर 8999228999 पर संदेश भेजकर नजदीकी शिव योग केंद्रों के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मुंबई के ग्रांट रोड स्थित गोकुलदास तेजपाल सभागार में आयोजित विशेष योग सत्र में मनपा उपायुक्त (सार्वजनिक स्वास्थ्य) शरद उकड़े, कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. दक्षा शाह और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में व्हाट्सएप चैटबॉट सेवा लॉन्च की गई। अधिकारियों और नागरिकों ने योग सत्र में भाग लिया और विभिन्न योगासन किए। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मुंबई महानगर क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर योग शिविर आयोजित किए गए।
शरद उकड़े ने बताया कि भागदौड़ भरी जिंदगी में हमें अपने शरीर के लिए कुछ समय निकालना चाहिए। हमें हर दिन नियमित रूप से योग करना चाहिए। मनपा 106 शिव योग केंद्रों के माध्यम से सोमवार-बुधवार-शुक्रवार और मंगलवार-गुरुवार-शनिवार को योग सेवाएं प्रदान करती है। यह सुविधा पुरुषों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, छात्रों और विकलांगों सहित सभी श्रेणियों के लोगों के लिए उपलब्ध है। मुंबई के सभी मनपा वार्डों में मनपा के स्कूलों, पार्कों और सामुदायिक स्थानों पर सुबह और शाम नियमित योग सत्र आयोजित किए जाते हैं।
चैटबॉट के माध्यम से मनपा के संचालित शिव योग केंद्रों की जानकारी उपलब्ध होगी। योग सत्रों के समय, स्थान आदि की जानकारी मराठी और अंग्रेजी भाषा में उपलब्ध है। मुंबईकरों को अपने निवास क्षेत्र में शिव योग केंद्रों की जानकारी घर बैठे प्राप्त करने के लिए यह सेवा शुरू की गई है। यदि नागरिक अपने मोबाइल पर लोकेशन चालू करते हैं और 8999228999 पर संदेश भेजते हैं, तो उनके लिए विभिन्न विकल्प उपलब्ध होते हैं। ‘स्वास्थ्य सेवाएँ’ विकल्प चुनने के बाद, व्हाट्सएप चैटबॉट अगले संदेश में ‘शिव योग केंद्र’ विकल्प प्रदान करता है। यदि आप आगे बढ़कर अपना स्थान साझा करते हैं और ‘शिव योग केंद्र’ विकल्प चुनते हैं, तो चैटबॉट आपको आस-पास के शिव योग केंद्रों की सूची, उनका पूरा पता, वहां के योग शिक्षक का नाम और संपर्क नंबर प्रदान करेगा।
—————
(Udaipur Kiran) / वी कुमार
