
जयपुर, 03 नवंबर (Udaipur Kiran) । राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पत्नी इंद्रा देवी का सोमवार देर शाम सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। वे 29 अक्टूबर से अस्पताल में भर्ती थीं। उस दिन उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था, जिसके बाद परिजनों ने उन्हें एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों ने उन्हें सीपीआर देकर रिवाइव किया और आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार इंद्रा देवी को ब्लड प्रेशर, कार्डियक और अस्थमा की पुरानी समस्या थी। कार्डियक अरेस्ट के बाद उन्हें हाइपॉक्सिक ब्रेन इंजरी भी हो गई थी। डॉक्टरों की सीनियर टीम लगातार उनके इलाज में जुटी थी। उपचार में डॉ. पुनीत सक्सेना, डॉ. बी.एल. कुमावत, डॉ. दिनेश खंडेलवाल, डॉ. भारत भूषण, डॉ. दिनेश गौतम और डॉ. हिमांशू महला शामिल थे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, चिकित्सा मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर समेत कई नेता हाल ही में अस्पताल पहुंचकर उनकी कुशलक्षेम जानने पहुंचे थे।
निधन के बाद उनकी पार्थिव देह को एसएमएस अस्पताल से सिविल लाइंस स्थित राजकीय निवास पर ले जाया गया। सोमवार प्रातः 6 बजे पार्थिव देह को जयपुर से अजमेर ले जाया जाएगा। अंतिम यात्रा अजमेर स्थित निवास 28, संत कंवरराम कॉलोनी, रामनगर से प्रातः 10:30 बजे पुष्कर रोड स्थित ऋषि घाटी श्मशान के लिए रवाना होगी। इंद्रा देवी पेशे से शिक्षिका थीं। वर्ष 1974 में उनकी शादी वासुदेव देवनानी से हुई थी। परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं।
राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने विधानसभा अध्यक्ष देवनानी की धर्मपत्नी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक-संतप्त परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
—————
(Udaipur Kiran)