Madhya Pradesh

इंदौरः लोक निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने किया वृहद पौधरोपण

इंदौरः लोक निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने किया वृहद पौधरोपण

इंदौर, 01 जुलाई (Udaipur Kiran) । इंदौर में मंगलवार को लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के निर्देश पर पौध रोपण का विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिले में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों कर्मचारियों ने जगह-जगह एक साथ पौध रोपण किया। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में एक लाख से अधिक पौधे लगाये गये।

कार्यपालन यंत्री एस.एन. सोनी ने बताया कि लोक निर्माण मंत्री राकेश ‍सिंह ने आज एक जुलाई को पर्यावरण संरक्षण और हरित मध्य प्रदेश की दिशा में राज्यभर में एक साथ एक लाख पौधे लगाने का विशेष लक्ष्य तय किया था। इसके तहत इंदौर में आज दो हजार से अधिक पौधे विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों ने सड़कों के किनारे, विश्रामगृह परिसरों, विभागीय भवनों और उपलब्ध भूमि पर लगाये। इस वृहद अभियान की शुरूआत प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भोपाल के लिंक रोड नंबर 1 स्थित चिनार उद्यान में पौधारोपण कर की। लगाये गये पौधों में नीम, पीपल, अर्जुन, आम, अमरूद, कचनार, गुलमोहर, बकाइन आदि को प्राथमिकता दी गई।

सोनी ने बताया कि मंत्री राकेश सिंह के निर्देशानुसार लोक निर्माण विभाग केवल पौधे लगाने तक ही सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इनके संरक्षण और देखरेख की भी प्रभावी व्यवस्था की गई है। हर स्थान पर जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों को पौधों की देखरेख का दायित्व सौंपा गया है। पौधों की सिंचाई, सुरक्षा, मल्चिंग, और समय-समय पर निरीक्षण की जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से तय कर दी गई है। इसके अलावा, विभागीय पोर्टल और मोबाइल एप के माध्यम से पौधारोपण की निगरानी की व्यवस्था भी की गई है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top