Madhya Pradesh

इंदौर : देवी अहिल्याबाई होलकर की 230वीं पुण्यतिथि आज, पालकी यात्रा, रुद्राभिषेक और श्रद्धांजलि समारोहों का होगा आयोजन

देवी अहिल्याबाई होलकर (फाइल फोटो)

इंदौर, 22 अगस्‍त (Udaipur Kiran) । पुण्यश्लोक देवी अहिल्याबाई होलकर की 230वीं पुण्यतिथि के अवसर पर आज शुक्रवार को इंदौर में विविध धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों की रूपरेखा देवी अहिल्या उत्सव समिति द्वारा तय की गई है। इस पुण्य स्मरण दिवस पर भानपुरा मठ के शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ विशेष रूप से इंदौर पहुंच रहे हैं। वे सुबह राजबाड़ा स्थित देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे और श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। शाम को गांधी हॉल में आयोजित होने वाले सम्मान समारोह में वे मुख्य अतिथि होंगे।

देवी अहिल्या उत्सव समिति की अध्यक्ष एवं पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन तथा पालकी यात्रा संयोजक एवं सांसद शंकर लालवानी ने जानकारी दी कि देवी अहिल्याबाई होलकर की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को श्रद्धांजलि कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह देवी अहिल्या की प्रतिमा पर माल्यार्पण से होगी। इसके पश्चात गोपाल मंदिर में देवी अहिल्याबाई की चित्रपट प्रतिमा पर आह्वान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे इंद्रेश्वर महादेव मंदिर (पंढरीनाथ चौराहा) में रुद्राभिषेक संपन्न होगा, जिसमें देश की सुरक्षा, सम्मान एवं अच्छी वर्षा की कामना की जाएगी। समिति के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक डागा एवं मंत्री शरयू वाघमारे ने बताया कि कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री तुलसीराम सिलावट, इंदौर महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित कई विधायक, जनप्रतिनिधि एवं श्रद्धालु भाग लेंगे।

पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार दोपहर 3:30 बजे गांधी हॉल में सम्मान समारोह एवं पुरस्कार वितरण का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह के मुख्य अतिथि भानपुरा मठ के शंकराचार्य स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ होंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन करेंगी। शाम 5:30 बजे स्वामी ज्ञानानंद तीर्थ और सुमित्रा महाजन देवी अहिल्याबाई की प्रतिमा को भव्य पालकी में विधिवत पूजन कर विराजित करेंगे। इसके बाद परंपरागत लाव-लश्कर के साथ ऐतिहासिक पालकी यात्रा निकाली जाएगी।

पालकी यात्रा मार्ग पर सभी मंच एक ओर स्थापित किए जाएंगे ताकि यात्रा का अवरोध न हो। इस यात्रा में झंडा गुरु व्यायामशाला और मल्हारी मार्तंड व्यायामशाला के अखाड़े विशेष रूप से भाग लेंगे, ये अखाड़े वर्षभर में केवल इसी दिन अपनी परंपरा अनुसार सक्रिय होते हैं। यात्रा में होलकर स्टेट के 14 राजाओं का प्रतीकात्मक प्रतिनिधित्व 14 युवाओं के माध्यम से किया जाएगा, जबकि अहिल्या सेना की युवतियां पारंपरिक परिधान में घोड़े पर सवार होकर चलेंगी। इसके अतिरिक्त, देवी अहिल्याबाई के जीवन पर आधारित झांकियां, अहिल्या स्मारक की झांकी, मराठी सोशल ग्रुप तथा लोक संस्कृति मंच द्वारा प्रस्तुत ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की झांकी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

पालकी यात्रा में बोहरा समाज का बैंड, शस्त्र प्रदर्शन करते हुए दुर्गा वाहिनी, पुलिस बैंड, शंख बजाती बंगाली महिलाओं का दल भी इस यात्रा में शामिल रहेगा। यात्रा एमजी रोड, कोठारी मार्केट, एमजी रोड थाना, कृष्णपुरा छत्री, लक्ष्मी मंदिर, राजबाड़ा होते हुए गोपाल मंदिर पर पहुंचेगी। पालकी यात्रा का समापन गोपाल मंदिर में होगा जहां पूजन एवं महाआरती होगी। श्री अहिल्योत्सव समिति द्वारा इस वर्ष का गुणीजन सम्मान सेवाभावी पुलिसकर्मी संजय सांवरे को दिया जाएगा। सांवरे अपनी ड्यूटी से समय निकालकर विभिन्न सेवा बस्तियों में 60 से अधिक बच्चों को पढ़ा रहे है। शुक्रवार दोपहर को गांधी हॉल में आयोजित सम्मान समारोह में उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

(Udaipur Kiran) / उम्मेद सिंह रावत

Most Popular

To Top