
– मत्स्य पालकों से आवेदन बुलाये गये
इंदौर, 08 जुलाई (Udaipur Kiran) । इंदौर के चोरल और यशवंत सागर तालाबों में अत्याधुनिक तकनीक केज कल्चर (cage Culture) के माध्यम से मत्स्य पालन किया जायेगा। इसके लिए इच्छुक मत्स्य पालकों से आवेदन बुलाये गये है। मत्स्य पालन के माध्यम रोजगार को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देशन में यह अभिनव पहल की जा रही है।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन ने मंगलवार को बताया कि मत्स्य पालन के लिए केज कल्चर (cage Culture) अत्याधुनिक पद्धति है। इसमें रोजगार की भी अपार संभावनाएं है। उन्होंने बताया कि इसको दृष्टिगत रखते हुए जिले के मत्स्य पालकों को केज कल्चर से मत्स्य पालन के लिए चोरल और यशवंत सागर तालाब का जल क्षेत्र देने का निर्णय लिया गया है। इच्छुक मत्स्य पालक अपना आवेदन मत्स्य पालन विभाग में प्रस्तुत कर सकते हैं। अधिक जानकारी हेतु मत्स्य पालन विभाग के मछली फार्म खंडवा रोड़ के कार्यालय पर संपर्क किया जा सकता है। इच्छुक मत्स्य पालक उक्त तालाबों के जल क्षेत्र में स्वयं के व्यय पर केज का निर्माण कर मत्स्य पालन निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप कर सकते हैं।
(Udaipur Kiran) तोमर
