Jharkhand

भारत की युवा शक्ति विश्व बंधुत्व की सबसे बड़ी आधारशिला है: राज्यपाल

कार्यक्रम की तस्वीर

रांची, 10 सितंबर (Udaipur Kiran News) ।

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि भारत की युवा शक्ति विश्व बंधुत्व की सबसे बड़ी आधारशिला है। भारत ने आदिकाल से ही दुनिया को “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश दिया है। हमारे देश की पहचान प्राचीन काल से ही ‘विश्व गुरु’ के रूप में रही है।

राज्यपाल बुधवार को रांची के आड्रे हाउस में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच की ओर से विश्व बंधुत्व के लिए विशाल और समृद्ध भारत के महत्व के विषय पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे।

राज्यपाल ने कहा कि आज जब हम विश्व बंधुत्व में विशाल और समृद्ध भारत की बात करते हैं, तो इसका अर्थ केवल भौगोलिक आकार या आर्थिक शक्ति तक सीमित नहीं है। इसका वास्तविक आशय एक ऐसे भारत से भी है, जो आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और नैतिक दृष्टि से विश्व का नेतृत्व करे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारा देश पुनः ‘विश्व गुरू’ के रूप में पूरी दुनिया में अपना स्थान प्राप्त करने की दिशा में अग्रसर है।

राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री भी अंतर्राष्ट्रीय मंचों पर सदैव यही संदेश देते हैं कि भारत केवल अपने लिए नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लिए सोचता है। उनकी नीति में वास्तव में वैश्विक भाईचारे की नींव निहित रहती है। भारत की ओर से जी-20 की अध्यक्षता के दौरान भी इस विचार को वैश्विक स्तर पर और मजबूती से रखा गया। उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि आज विश्व भारत की ओर विश्वास और आशा भरी दृष्टि से देख रही है और विभिन्न क्षेत्रों में भारत के साथ सहयोग व साझेदारी करना चाहती है।

राज्यपाल ने कहा कि विश्व बंधुत्व तभी संभव है, जब हम अपने अंतर्मन में भाईचारे और करुणा की भावना विकसित करें। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति अपने पड़ोसी को परिवार समझे, हर समाज दूसरे समाज को मित्र समझे और हर राष्ट्र दूसरे राष्ट्र को सहयोगी समझे, तो निश्चित ही हम एक ऐसे युग की शुरुआत करेंगे जहां शांति और समृद्धि दोनों स्थायी होंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / विकाश कुमार पांडे

Most Popular

To Top