RAJASTHAN

भारत की आत्मा, स्वाभिमान और बलिदान की पहचान है तिरंगा : केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम

भारत की आत्मा, स्वाभिमान और बलिदान की पहचान है तिरंगा : केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम

बीकानेर, 13 अगस्त (Udaipur Kiran) । केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बुधवार काे बीकानेर प्रवास के दौरान हर घर तिरंगा अभियान को आगे बढ़ाते हुए, सेठ तोलाराम बाफना विद्यालय, गंगाशहर में आयोजित तिरंगा यात्रा में सहभागिता की। उन्हाेंने उपस्थित विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों को तिरंगे के प्रति शौर्य, समर्पण और बलिदान को नमन करते हुए संबोधित किया।

उन्हाेंने कहा कि

यह आयोजन राष्ट्रप्रेम की भावना को सशक्त करता है, एवं युवाओं के मन-मस्तिष्क में देशभक्ति का संचार कर, स्वतंत्रता संग्राम में तिरंगे के महत्व को स्मरण कराने का भी अवसर प्रदान करता है।

तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, यह भारत की आत्मा, स्वाभिमान और बलिदान की पहचान है। इस अवसर पर डाॅ. परमजीत सिंह वाेहरा, महावीर रांका, सत्यप्रकाश आचार्य, गुमान सिंह राजपुराेहित सहित अनेक माैजूद थे।

उधर हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय तिरंगा बाइक रैली बुधवार को मेजर पूर्ण सिंह सर्किल से निकली। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सागर और जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि देश को आजादी दिलाने वाले देशभक्तों के प्रति कृतज्ञता का भाव रखना हमारा कर्त्तव्य है। इस भाव को अक्षुण्ण रखने और वीरों की गाथा को भावी पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति इसमें भागीदारी निभाए।

रैली यहां से रवाना होकर रवींद्र रंगमंच, कलेक्ट्रेट परिसर, जूनागढ़, कीर्ति स्तंभ होते हुए डॉ. करणी सिंह स्टेडियम तक पहुंची। इस दौरान प्रतिभागियों ने भारत माता की जयघोष और वन्देमातरम के नारों के साथ वीर शहीदों को कृतज्ञता अर्पित की। यहां पहुंचने पर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। जिसमें आमजन ने देशभक्ति से जुड़ी भावनाएं उकेरी। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोहनलाल ने बताया कि रैली के दौरान ‘हम एक साथ हैं’ की भावना के साथ प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्रवाद का संदेश दिया गया।

इस दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऋतुराज महला, राजीविका के जिला विकास प्रबंधक दिनेश मिश्रा, अतिरिक्त कलेक्टर (प्रशासन) रामावतार कुमावत, अतिरिक्त कलेक्टर (शहर) रमेश देव, नगर निगम उपायुक्त यशपाल आहूजा तथा मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी महेंद्र शर्मा सहित विभिन्न अधिकारी शिक्षक कार्मिक और आमजन मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला परिषद के आईईसी कॉर्डिनेटर गोपाल जोशी ने किया।

—————

(Udaipur Kiran) / राजीव

Most Popular

To Top