HEADLINES

भारतीय युवा प्रगतिशील, उनके पास प्रदर्शन का समय नहीं : देवेंद्र फडणवीस

फाईल फोटो: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस

-कहा-जिन्हें नेपाल के जेन-जेड से मोहब्बत, वो नेपाल जाएं

मुंबई, 25 सितंबर (Udaipur Kiran News) । महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को कहा कि भारतीय युवा प्रगतिशील हैं। भारतीय युवा अधिकांश सिलिकॉन वैली में नजर आएंगे। उन्हें आंदोलन, प्रदर्शन के लिए समय नहीं हैं। फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जिन्हें नेपाल के जेन-जेड से मोहब्बत है, उन्हें नेपाल चले जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री फडणवीस मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा हाल ही में जेन-जेड पर दिए गए व्यक्तव्य पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल की सोच अलग-अलग है। भारत ने बहुत प्रगति की है और दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। हमारे देश के युवा की सोच अलग है और वे दुनिया पर अपना वर्चस्व जमा रहे हैं। वे स्टार्टअप्स, एआई और आईटी जैसे क्षेत्रों में काम कर रहे हैं। उन्होंने दुनियाभर में अपनी अलग पहचान बनाई है।

उन्होंने कहा कि देश के युवा प्रगतिशील हैं, उन्हें सडक़ पर उतरकर प्रदर्शन करने का समय नहीं है। वे नेपाल की तरह सोचकर काम नहीं करते हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी ने सारे हथकंडे अपनाकर देख लिए हैं, वो हताश हैं। अब उन्हें लगता है कि जेन-जेड से अपील करके कुछ कर लेंगे, लेकिन इसका कोई लाभ नहीं होगा।

गौरतलब है कि पिछले दिनों राहुल गांधी ने देश के छात्रों और युवाओं को 1997 से 2012 के बीच जन्मे जेन-जेड से देश के लोकतंत्र की रक्षा करने की अपील की थी। उन्होंने देश में वोट चोरी के मुद्दे पर सडक़ पर उतरने की बात कही थी। इस बात पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने नेपाल और भारत के बीच ऐतिहासिक संबंधों को स्वीकार किया, लेकिन कहा कि आज दोनों देशों की सोच बहुत अलग हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने बहुत प्रगति की है और दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है।

—————

(Udaipur Kiran) यादव

Most Popular

To Top