Uttar Pradesh

भारतीय संविधान विविधता में एकता का सर्वोत्तम प्रतीक : प्रो.गिरीश चन्द्र त्रिपाठी

अभाविप द्वारा संविधान दिवस पर आयोजित संगोष्ठी को सम्बोधित करते हुए प्रो. गिरीश ​चन्द्र त्रिपाठी का छाया चित्र

अभाविप प्रयाग महानगर द्वारा संविधान दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन

प्रयागराज,26 नवंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय संविधान न केवल हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है, बल्कि विविधता में एकता का सर्वोत्तम प्रतीक भी है। यह बात बुधवार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रयागराज महानगर द्वारा कमला नेहरू नेचुरल इलेक्ट्रोपैथी इंस्टीट्यूट, रामबाग, प्रयागराज में संविधान दिवस पर आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुए बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो.गिरीश चन्द्र त्रिपाठी ने कही।

उन्होंने संविधान दिवस की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, संविधान निर्माण प्रक्रिया तथा भारतीय संविधान की मूल विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “भारतीय संविधान न केवल हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है, बल्कि विविधता में एकता का सर्वोत्तम प्रतीक भी है। यह दस्तावेज हमें अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देता है।”

उन्होंने छात्र—छात्राएं न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुत्व जैसे संवैधानिक आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

अभाविप प्रयाग महानगर मंत्री प्रतीक मिश्रा सूरज ने कहा कि “संविधान दिवस राष्ट्र की संविधान-स्मृति को सुदृढ़ करने का दिन है। युवाओं का दायित्व है कि वे संविधान के मूल्यों को अपने आचरण में उतारकर देश के विकास में योगदान दें। अभाविप सदैव छात्रों में संवैधानिक जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

कार्यक्रम में विदित शुक्ला, अमन शुक्ला, उज्ज्वल मिश्रा, राहुल तिवारी, विनीत मिश्रा एवं प्रतीकेश्वरंद पाठक सहित विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / रामबहादुर पाल