Sports

भारत बनाम इंग्लैंड अंडर-19 यूथ टेस्ट दूसरा दिन: एकांश सिंह के शतक के बाद भारत की सधी शुरुआत

शॉट खेलते आयुष म्हात्रे

चेल्म्सफोर्ड, 22 जुलाई (Udaipur Kiran) ।

एकांश सिंह के जुझारू शतक की बदौलत इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 309 रन बनाए, जिसके जवाब में भारत अंडर-19 टीम ने दूसरे युवा टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक एक विकेट पर 51 रन बना लिए थे। दिन का खेल बारिश के कारण प्रभावित रहा और सिर्फ 28.3 ओवर ही फेंके जा सके।

स्टंप्स के समय आयुष म्हात्रे 20 रन और विहान मल्होत्रा 6 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। भारत फिलहाल इंग्लैंड के स्कोर से 258 रन पीछे है।

पहले दिन 66 रन बनाकर नाबाद लौटे एकांश सिंह ने कप्तान थॉमस रियू (59) के साथ छठे विकेट के लिए 90 रनों की अहम साझेदारी की थी। दूसरे दिन एकांश ने 155 गेंदों में 117 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 14 चौके और 3 छक्के शामिल थे।

उन्होंने जेम्स मिंटो (46) के साथ नौवें विकेट के लिए 100 रनों की अहम साझेदारी की। मिंटो ने भी 89 गेंदों में एक छक्का और छह चौके लगाए।

भारत की ओर से लेग स्पिनर नमन पुष्पक ने सबसे सफल गेंदबाज़ी करते हुए 76 रन देकर चार विकेट चटकाए। इसके अलावा आदित्य रावत और आरएस अम्बरीश ने दो-दो विकेट लिए। हेनिल पटेल और विहान मल्होत्रा को एक-एक सफलता मिली।

भारत की शुरुआत आक्रामक रही। ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने एलेक्स ग्रीन के ओवर में एक चौका और दो छक्के लगाए, लेकिन ग्रीन ने उन्हें एएम फ्रेंच के हाथों कैच करवाकर 20 रन पर पवेलियन भेजा। इसके बाद बारिश ने खेल में खलल डाला और दिन का खेल समाप्त घोषित कर दिया गया।

संक्षिप्त स्कोर:

इंग्लैंड अंडर-19 टीम : 309 ऑलआउट (81.3 ओवर में)

(एकांश सिंह 117, थॉमस रियू 59; नमन पुष्पक 4/76)

भारत अंडर-19: 51/1 (9 ओवर में)

(आयुष म्हात्रे 24*, विहान मल्होत्रा 6*; एलेक्स ग्रीन 1/34)

—————

(Udaipur Kiran) दुबे

Most Popular

To Top