HEADLINES

भारत-पाकिस्तान ने कैदियों की सूची का किया आदान-प्रदान

भारत व पाकिस्तान के झंडे

नई दिल्ली, 1 जुलाई (हिं.स.)। पाकिस्तान की जेलों में भारत के 193 मछुआरे समेत 246 लोग बंद हैं। जबकि भारत की जेल में पाकिस्तान के 81 मछुआरे और 382 अन्य लोग बंद हैं। यह आंकड़ा दोनों देशों के बीच राजनयिक चैनल के माध्यम से हुई कैदियों की सूची के आदान-प्रदान से सामने आया।

इस मौके पर भारत ने पाकिस्तान से अपील की है कि हिरासत में अपनी सजा पूरी तक चुके 159 भारतीय कैदियों, मछुआरों और उनकी नावों को जल्दी रिहा कर उनकी वापसी सुनिश्चित करे। साथ ही भारत ने पाकिस्तान से 26 ऐसे नागरिकों और मछुआरों को कांसुलर एक्सेस प्रदान करने की मांग की है, जिन्हें अभी तक यह सुविधा नहीं मिली है। भारत ने यह भी आग्रह किया है कि पाकिस्तान सभी भारतीय और संभावित भारतीय कैदियों की सुरक्षा, संरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करे, जब तक कि उनकी रिहाई और भारत प्रत्यावर्तन नहीं हो जाता।

इसके अलावा भारत ने पाकिस्तान से अनुरोध किया है कि वह 80 ऐसे लोगों की नागरिकता की पुष्टि प्रक्रिया में तेजी लाए, जिन्हें भारत में पाकिस्तानी मानते हुए हिरासत में रखा गया है और जिनका प्रत्यावर्तन राष्ट्रीयता का पता न होने की वजह से लंबित है।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2014 से अब तक 2,661 भारतीय मछुआरों और 71 अन्य लोगों की पाकिस्तान से स्वदेश वापसी हो चुकी है। इनमें से 2023 से अब तक 500 मछुआरे और 13 नागरिक कैदी भारत वापस लाए जा चुके हैं।

भारत और पाकिस्तान के बीच दोनों देशों में बंद कैदियों की सूची का आदान-प्रदान 2008 में हुए कांसुलर एक्सेस संबंधी द्विपक्षीय समझौते के तहत हर साल एक जनवरी और एक जुलाई किया जाता है।

—————

(Udaipur Kiran) / prashant shekhar

Most Popular

To Top