
कानपुर, 15 जुलाई (Udaipur Kiran) । शुभांशु शुक्ला ने अंतरिक्ष में 18 दिन बिताकर यह सिद्ध कर दिया है कि भारत अब केवल पृथ्वी तक सीमित नहीं है, बल्कि अंतरिक्ष में भी हमारी पकड़ और प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने न केवल विज्ञान में भारत की प्रगति को दिखाया है, बल्कि देश के स्वाभिमान और सम्मान को भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। यह बातें मंगलवार को भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।
भारतीय अंतरिक्ष अभियान में गौरवशाली भूमिका निभाने वाले शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष से सकुशल वापसी के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी, कानपुर उत्तर जिले द्वारा नवीन मार्केट कार्यालय पर 11 बार हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया। जैसे ही शुभांशु की वापसी की पुष्टि हुई, भाजपा कार्यकर्ताओं ने भारत का तिरंगा लहराकर भारत माता की जय के जयकारों से पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
यह उपलब्धि केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के सपनों, परिश्रम और आत्मबल का प्रतीक है। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए गर्व की अनुभूति जताते हुए देश की वैज्ञानिक क्षमता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की।
विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी, केडी त्रिवेदी, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, जनमेजय सिंह अवधेश सोनकर, संतोष शुक्ला, जितेंद्र विश्वकर्मा, रंजीता पाठक, पारस मदान, सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप
