

मुरादाबाद, 09 अक्टूबर (Udaipur Kiran News) । भाजपा मुरादाबाद महानगर इकाई के तत्वावधान में गुरुवार को दिल्ली रोड स्थित एक होटल में नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी अभियान के तहत विशेष विधानसभा सम्मेलन आयोजित किया गया। जिसमें व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच जीएसटी को लेकर चर्चा हुई। मुख्य वक्ता नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी अभियान के क्षेत्रीय संयोजक मनोज गुप्ता ने कहा कि जीएसटी के माध्यम से न केवल कर संरचना सरल हुई है, बल्कि व्यापार करने में आसानी और जीवन जीने में आसानी दोनों ही दिशा में भारत ने ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त की है।
क्षेत्रीय संयोजक मनोज गुप्ता ने कहा कि जीएसटी केवल कर प्रणाली नहीं, बल्कि आर्थिक विकास की नई धारा है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य कर संग्रहण को आसान बनाना, कराधान में पारदर्शिता लाना और डिजिटल युग में अर्थव्यवस्था को गति देना है।
मुरादाबाद नगर विधानसभा से विधायक रितेश गुप्ता ने कहा कि हम सभी लगातार जनता के बीच जाकर जीएसटी सुधारों के लाभ समझा रहे हैं। दीपावली से पूर्व यह सुधार देशवासियों के लिए एक उपहार है, जिससे वस्तुएं सस्ती होंगी और जनता की परचेजिंग पावर में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि आज का भारत पहले जैसा नहीं रहा। अब भारत न तो डरता है, न झुकता है, बल्कि हर क्षेत्र में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
जीएसटी विशेषज्ञ दीपक बाबू सीए ने कहा कि पहले इन रिफॉर्म्स पर विस्तृत चर्चा हुई थी और अब “नेक्स्ट जेन जीएसटी” से कर प्रणाली और अधिक सरल एवं पारदर्शी बनी है। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा जीएसटी दरों में कमी किए जाने से अनेक वस्तुओं के दाम घटे हैं।
अध्यक्षता करते हुए भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने कहा कि अमेरिका द्वारा टैरिफ लगाए जाने के बावजूद भारत का निर्यात लगातार बढ़ा है और घरेलू उत्पाद एवं उपभोग दोनों में वृद्धि हुई है। संचालन भाजपा महानगर उपाध्यक्ष और आत्मनिर्भर भारत कार्यक्रम के सहसंयोजक विशाल त्यागी ने किया।
सम्मेलन में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ केके मिश्रा, नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी अभियान कार्यक्रम के संयोजक धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, सहसंयोजक हरीश भसीन व शरद चतुर्वेदी, आत्मनिर्भर भारत अभियान के महानगर संयोजक दिनेश शीर्षवाल, सह संयोजक सुनीता शर्मा व अजय वर्मा, क्षेत्रीय मीडिया सह प्रभारी निमित जायसवाल, महानगर महामंत्री कमल गुलाटी व नत्थूराम कश्यप, गौ सेवा आयोग के सदस्य दीपक गोयल आदि उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
