
सिरसा, 15 अगस्त (Udaipur Kiran) । सिरसा के शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस हषोल्लास के साथ मनाया गया। जिला स्तरीय समारोह में राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली। इस मौके पर सुभाष बराला ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी और केंद्र और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इससे पूर्व सुभाष बराला ने लघुसचिवालय स्थित शहीदी स्मारक में शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया।
बराला ने कहा कि शहीदों की बदौलत आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उन शहीदों को हमें दिल से नमन करना चाहिए तथा उनकी शहादत को हमेशा याद रखना चाहिए। उन्होंने केंद्र और हरियाणा सरकार की प्रशंसा की और कहा कि प्रधानमंत्री ने देश का मान और सम्मान को बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि देश को आजादी मिले 79 साल बीत गए है, देश में रहे पूर्व के प्रधानमंत्री आपने देखे होंगे लेकिन नरेंद्र मोदी की सराहना पूरा विश्व कर रहा है। प्रधानमंत्री ने देश की सुरक्षा के लिए कड़े कदम उठाएं है। वही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की ऊंचाइयों को छू रहा है।
सरकार ने सैनिको के सम्मान के लिए कई लाभकारी योजनाओ को लागू किया है जिसमे एक रैंक एक पेंशन है तो वही किसानो को भी कई योजनाओ का लाभ मिला है। राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया और कहा कि भारतीय सेना के कुशल नेतृत्व ने दुश्मनों को उनकी धरती पर जाकर सबक सिखाया। उन्होंने कहा कि आजादी यह एक ऐसा शब्द है जो प्रत्येक भारतवासी की रगों में खून बनकर दौड़ता है। स्वतंत्रता हर मनुष्य का जन्मसिद्ध अधिकार है। आज हम पूर्ण स्वतंत्र हैं तथा पूरे विश्व में भारत की एक पहचान हैं। हमारा संविधान आज पूरे विश्व में एक मिसाल है। कार्यक्रम के दौरान जहां उत्कृष्ठ कार्य करने वालों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया, वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकार सम्मनित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूर्व सैनिकों और शहीद हुए जवानों के परिवारों को भी सम्मानित किया गया।
—————
(Udaipur Kiran) / Dinesh Chand Sharma
