Chhattisgarh

धमतरी में पालिटेक्निक के प्राचार्य को हटाने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

पालिटेक्निक परिसर में प्रदर्शन करते हुए अधिकारी एवं कर्मचारी।
प्राचार्य कक्ष में लगा था ताला।

धमतरी, 1 सितंबर (Udaipur Kiran) ।छत्तीसगढ़ के भोपाल राव पवार शासकीय पालिटेक्निक रुद्री धमतरी में एक सितंबर को संस्था के अधिकारी एवं कर्मचारी प्राचार्य को हटाने सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए है। इस दौरान संस्था का कार्यालयीन एवं शैक्षणिक काम पूरी तरह से बंद था।

सोमवार को अधिकारी – कर्मचारी फेडरेशन के तत्वावधान में रुद्री पालिटेक्निक के प्राचार्य गेलुस राम साहू को हटाने सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर एक सितंबर से काम बंद कलम बंद अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दिया है। संस्था के कर्मशाला निर्देशक आरएन ध्रुव ने आरोप लगाया है कि संस्था के प्राचार्य जीआर साहू ने बदले की भावना से कार्रवाई करते हुए संस्था के दो कर्मचारी गोहद राम साहू बायलर सहायक एवं मुकेश कुमार केशरी तकनीकी सहायक को निलंबित कर दिया है। जिसके विरोध में प्रदर्शन किया जा रहा है। दोनों निलंबित कर्मचारी संस्था के अनुभवी एवं कर्मनिष्ठ है। इन निलंबित कर्मचारियों के समर्थन में प्रदेश के सभी शासकीय पालिटेक्निक और इंजीनियरिंग महाविद्यालय में प्राचार्य को हटाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है।

प्राचार्य द्वारा लगातार अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित करने के नाम से डराया जा रहा है। उनकी मांग है कि संस्था के प्राचार्य को तत्काल प्रभाव से यहां से हटाया जाएं। अवैधानिक रूप से प्राचार्य द्वारा किए गए कर्मचारियों का निलंबन निरस्त किया जाए। इसके साथ ही प्राचार्य द्वारा विगत एक माह में जारी सभी आदेशों को निरस्त किया जाए। जानकारी के अनुसार रुद्री पालिटेक्निक में अधिकारी और कर्मचारियों के प्रदर्शन के दौरान प्राचार्य जीआर साहू संस्था में मौजूद नहीं थे। उनके कक्ष में ताला लगा था। वहीं प्रथम, तृतीय एवं पांचवे सेमेस्टर के छात्र – छात्राएं पढ़ाई नहीं होने से इधर उधर घूमते दिखे। कुछ विद्यार्थी स्वयं से पढ़ाई करते कक्षा में मौजूद रहे। वहीं कई विद्यार्थी पढ़ाई नहीं होने से वापस घर लौट गए।

प्रदर्शन में संदीप सिंह, हर्षल मोहिते, जय प्रकाश डनसेना, चंद्रेश कुमार देशमुख, विनोद संगोड़े, डाली डनसेना, सिकंदर कुमार, टी के मरकाम सहित सभी अधिकारी – कर्मचारी उपस्थित थे।

(Udaipur Kiran) / रोशन सिन्हा

Most Popular

To Top