
पटना, 22 जुलाई (Udaipur Kiran) । बिहार प्रदेश भाजपा कोर कमेटी की बैठक प्रदेश कार्यालय में मंगलवार शाम को हुई। इसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर जोर दिया गया।
विधानमंडल के मानसून सत्र को लेकर आयोजित भाजपा विधायकों और विधान पार्षदों की बैठक विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर केंद्रित रही। पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के अटल सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता भाजपा विधायक दल के नेता और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने की। बैठक में वक्ताओं ने मुख्य रूप से 25 जुलाई से 2 अगस्त तक प्रवासी महिला विस्तारकों के मंडलवार प्रवास कार्यक्रम, आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और सदन में उनकी उपस्थिति की ओर विधानसभा सदस्यों का ध्यान आकृष्ट कराया।
सभी विधायकों-एमएलसी को मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) को लेकर विशेष सतर्कता बरतने, बीएलए-1 और बीएलए-2 (बूथ लेवल एजेंट) बनाने के साथ-साथ बूथ समितियों का गठन और सत्यापन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। विधानसभा चुनाव में भाजपा पहली बार कई राज्यों से महिला विस्तारकों को मैदान में उतारकर प्रयोग करने जा रही है। इसमें दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा जैसे राज्यों की महिला विस्तारक अब विधानसभा चुनाव तक भाजपा के 1400 से ज़्यादा संगठनात्मक मंडलों में रहेंगी।
बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा, केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र नाथ और प्रदेश सगठन मंत्री भिखूभाई दलसानिया सहित पूर्व केंद्रीय मंत्री राधामोहन सिंह और शहनबाज हुसैन शामिल रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / गोविंद चौधरी
