
दुमका, 12 सितंबर (Udaipur Kiran) । नगर थाना की पुलिस ने गुरुवार की शाम जेवरात के नाम पर 81 सौ रुपये की ठगी के आरोप में देवघर के करो निवासी चंदन कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसे शुक्रवार की सुबह जेल भेज दिया गया।
वहीं बेटे की गिरफ्तारी के बाद पिता पुरंदर सिंह गुरुवार की देर शाम थाना में उससे मिला और उसके कारनामे पर दुख जताया। घर जाने की बजाय पिता ने आहत होकर दुधानी में एक चाय दुकान में प्लास्टिक की पतली रस्सी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। शुक्रवार की सुबह पुलिस ने पिता का शव कब्जे में ले लिया। इसके बाद पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों के सौंप दिया गया। मृतक की पत्नी के बयान पर पुलिस ने यूडी केस दर्ज किया है। शुक्रवार की सुबह नगर थाना की पुलिस को सूचना मिली कि दुधानी में महिंद्रा शोरूम के सामने एक चाय दुकान में एक अधेड़ व्यक्ति ने खुदकुशी कर ली है। इसके बाद एएसआई राजीव रंजन मौके पर पहुंच शव कब्जे में लेकर अस्पताल भेजा। मृतक की जेब से मिली ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य कागजात में मृतक का नाम और फोन नंबर लिखा हुआ था। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल नंबर पर संपर्क कर परिजन को घटना की जानकारी दी। दोपहर बाद घरवालों ने बयान दर्ज कराया।
क्या है पूरा मामला
दरअसल गुरुवार की दोपहर श्रीरामपाड़ा में हरि ज्वेलर्स से पुरंदर सिंह के बेटे चंदन सिन्हा ने करीब आठ हजार के जेवरात खरीदे थे। उसने आनलाइन इसका भुगतान भी किया। जब महिला दुकानदार रितु वर्मा के खाते में पैसा नहीं आया तो उसने युवक से पैसों की मांग की। इस पर युवक पहले बोला, पैसा भेज दिया है, आ जाएगा। इसी बीच वह जेवरात लेकर भागने लगा। महिला के बेटे और देवर ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। रात को जब बेटे की गिरफ्तारी की खबर पिता को मिली तो वह उससे मिलने आ गया। थाना में ही बेटे को जमकर बुरा भला कहा। उन्होंने कहा कि उसने समाज में रहने लायक नहीं छोड़ा है। अब किसी को कैसे मुंह दिखाएंगे। इतना कहने के बाद पिता थाने से निकल गया और दुधानी में जाकर एक दुकान में फांसी लगा ली।
नगर थाना के पुलिस निरीक्षक सह थानेदार नंद किशोर प्रसाद ने बताया कि बेटे की गिरफ्तारी से पिता को गहरा सदमा लगा। अच्छे घर का होने और समाज में इज्जत होने की वजह से पिता इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर सका। रात में ही एक दुकान में स्टूल के सहारे फांसी लगा ली।
—————
(Udaipur Kiran) / नीरज कुमार
