
मुरादाबाद, 14 सितम्बर (Udaipur Kiran News) । मुरादाबाद जनपद के थाना ठाकुरद्वारा क्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने न्यायालय में दर्ज कराए वाद में पति व ससुराल वालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया। साथ ही ननदोई पर दुष्कर्म और विरोध पर गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पति, ननदोई समेत छह लोगों के खिलाफ रविवार को केस दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने थाना ठाकुरद्वारा में तहरीर देकर बताया कि उसका निकाह उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के थाना कुंडा क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक से दो साल पहले हुआ था। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज के लिए उसका उत्पीड़न करते थे। आरोप लगाया कि 27 नवंबर 2024 को ननदोई मौहम्मद उवैश ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसने विरोध किया तो ससुराल वालों ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर बेहोश कर दिया। जब वह गर्भवती हो गई तो आरोपित नंदोई ने जबरदस्ती उसका गर्भपात करा दिया। होश आने पर उसने मायके वालों को सूचना दी तो वह पहुंचे और उसे अपने साथ ले आए। इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद मुरादाबाद न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और वाद दायर किया।
पुलिस अधीक्षक देहात कुमार आकाश सिंह ने रविवार काे बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश पर रविवार थाना ठाकुरद्वारा पुलिस ने महिला के पति व ननदोई मौहम्मद उवैश, नंनद शकीला समेत सास, देवर, देवरानी समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
