Madhya Pradesh

मप्र के ग्वालियर में महिला को बंधक बनाकर खड़ी बस में कंडक्टर ने किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

ग्वालियर बस स्टैंड की तस्वीर

ग्वालियर, 28 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रोडवेज बस स्टैंड पर खड़ी एक खाली बस में एक महिला को बंधक बनाकर बस कंडक्टर द्वारा दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। घटना सोमवार रात 9.30 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित महिला ने पड़ाव थाने में शिकायत दर्ज कराई है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया और मौके पर पहुंचकर भागने से पहले आरोपी बस कंडक्टर को गिरफ्तार कर लिया है।

ग्वालियर पड़ाव क्षेत्र के सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि बस में सफर कर रही एक महिला से बस कंडक्टर ने दोस्त कर ली थी। दोनों ने एक-दूसरे के नंबर भी एक्सचेंज कर लिए। इसके बाद ग्वालियर बस स्टैंड पर कंडक्टर ने महिला के साथ दुष्कर्म किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

27 वर्षीय पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह भिंड जिले के फूप इलाके की रहने वाली है। उसकी 6 साल पहले शिवपुरी में शादी हुई थी। पति से उसका दो साल का एक बेटा है। कुछ समय से पति उसे प्रताड़ित कर रहा था। इसकी शिकायत उसने शिवपुरी देहात थाने में की थी। वर्तमान मे भिंड कोर्ट में पति से भरण-पोषण का केस चल रहा है। पति तय तारीख पर कोर्ट नहीं आ रहा है। उसी का पता लगाने के लिए वह सोमवार, 27 अक्टूबर को सुबह भिंड से शिवपुरी देहात के लिए निकली थी।

पीड़ित महिला ने बताया कि ग्वालियर पहुंचकर वहां से शिवपुरी-गुना जाने वाली बस में सवार हो गई। बस ने दोपहर में उसे शिवपुरी उतार दिया। ग्वालियर से शिवपुरी के बीच सफर के दौरान महिला से बस कंडक्टर विष्णु ओझा निवासी बदरवास सखारोड़ से जान पहचान हो गई। विष्णु ने महिला से उसका मोबाइल नंबर ले लिया। उसने बताया कि दो घंटे बाद गुना से बस लौटेगी तो वह उसे फोन कर देगा। उसे आराम से ग्वालियर छोड़ देगा। शाम को कंडक्टर विष्णु ओझा ने महिला को फोन कर शिवपुरी बुलाया और अपनी बस में बैठा लिया। रात करीब 9 बजे बस ग्वालियर बस स्टैंड पहुंच गई। पूरी बस खाली हो गई। विष्णु ने महिला से कहा कि वह बस में ही बैठी रहे। वह 10 मिनट में लौटकर आ रहा है, फिर उसे भिंड छोड़ देगा। करीब 9.30 बजे बस कंडक्टर वापस लौटा। उसने खाली बस के दरवाजे अंदर से लॉक कर दिए। जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे बस में छोड़कर चला गया।

वारदात के बाद डरी-सहमी महिला ने एफआरवी (डायल 112) को सूचना दी। एफआरवी ने महिला को पड़ाव थाना पहुंचाया। पड़ाव पुलिस महिला को लेकर बस स्टैंड वापस आई। यहां बस की पहचान करने के बाद पुलिस ने आरोपी कंडक्टर विष्णु ओझा निवासी बदरवास को भागने से पहले ही पकड़ लिया। पुलिस ने महिला का मेडिकल कराने के बाद दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top