Haryana

गुरुग्राम में गड्ढों के बीच ढूंढनी पड़ रही है सडक़: पंकज डावर

गुरुग्राम में अशोक विहार फेज-3 व पटौदी चौक के पास बरसात में टूटी सडक़ के हालात।

-पालम विहार की तरफ से शहर आने के लिए अशोक विहार फेज-3 की सडक़ का बुरा हाल

गुरुग्राम, 16 जुलाई (Udaipur Kiran) । कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पंकज डावर ने गुरुग्राम में टूटी सडक़ों का मुद्दा उठाया है। बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री गुरुग्राम में थे तो पंकज डावर ने कहा कि-मुख्यमंत्री जी कुछ करो…यहां गड्ढों में सडक़ ढूंढनी पड़ती है। फिर भी सडक़ नहीं मिलती और गड्ढों से ही निकलना पड़ता है। इन गड्ढों में वाहन भी कबाड़ हो जा रहे हैं। हाउस टैक्स, रोड टैक्स सब लोग दे रहे हैं, लेकिन उन्हें सुरक्षित चलने को सडक़ें नहीं दी जा रहीं।

पंकज डावर ने बताया कि पालम विहार क्षेत्र गुरुग्राम शहर की तरफ आने के दौरान अशोक विहार फेज-3 के सामने जो सडक़ थी, अब वह नहीं रही। सडक़ टूटकर गड्ढों में तब्दील हो गई है। सडक़ का अब वहां नामो-निशान नहीं रहा है। यहां से निकलने वाला हर वाहन चालक रो-रोकर निकलता है। हर वाहन यहां से निकलकर कबाड़ हो रहे हैं। क्योंकि गड्ढों के कारण वाहनों के पुर्जे ढीले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि सबसे अधिक परेशानी दुपहिया वाहन चालकों को हो रही है। पास से निकलने वाले चारपहिया वाहनों के कारण दुपहिया वाहन वाले तो कीचड़ में ही सन जाते हैं। कीचड़ यहां इतना अधिक है कि दुपहिया वाहन फिसल कर गिर रहे हैं। लोग चोटिल हो रहे हैं। नगर निगम का इस तरफ ध्यान ही नहीं है। नगर निगम या तो सडक़ों का निर्माण कर ही नहीं रहा और जिनका कुछ दिन पहले किया था, वे सडक़ें अब उखड़ चुकी हैं।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top