Haryana

गुरुग्राम: सोहना में कांग्रेस का भाजपा सरकार व चुनाव आयोग पर हल्ला बोल

सोहना में भाजपा सरकार व चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन करते कांग्रेसी।

-कांग्रेस जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) की अगुवाई में सोहना-तावडू व पटौदी विधानसभाओं में चला वोट चोर गद्दी छोड़ हस्ताक्षर अभियान

गुरुग्राम, 21 सितंबर (Udaipur Kiran News) । लोकसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर रविवार को कांग्रेस जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव की अगुवाई में कांग्रेस ने सोहना-तावडू विधानसभा क्षेत्र स्थित फव्वारा चौक से हनुमान बगीची तथा पटौदी विधानसभा क्षेत्र के सामुदायिक केंद्र से अम्बेडकर चौक तक वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान चलाया।

इस अभियान में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा के सह-प्रभारी जितेन्द्र भगेल, हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज, गुडग़ांव शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर समेत जिला पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर कर अपना विरोध जताया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने भी जहां इस अभियान को मजबूती देने का काम किया, वहीं उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों का भी विरोध जताया।

कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव एवं हरियाणा सहप्रभारी जितेंद्र भगेल ने कहा कि लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि कर्नाटक, हरियाणा और महाराष्ट्र में वोट चोरी कराई गई। एक ही पते पर हजारों वोट जोड़ दिए गए और मतदाता सूची से असली वोट काट दिए गए। लाखों वोट काटकर भाजपा को लाभ पहुंचाया गया और चुनाव आयोग मूकदर्शक बना रहा। यह केवल धांधली नहीं, बल्कि लोकतंत्र पर सीधा हमला है। भाजपा ने जनादेश चुराकर लोकतंत्र की हत्या की है। अब जनता वोट चोरों को गद्दी से उतारकर जवाब देगी।

हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जितेंद्र भारद्वाज ने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेसियों का हस्ताक्षर अभियान चल रहा है। जब तक कांग्रेस पूरे देश में अपनी सरकार नहीं बनाएगी तब तक वह चैन से नहीं बैठेगी। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि लोकतंत्र बचाने का संकल्प है। भाजपा जनता का विश्वास खो चुकी है और सत्ता में बने रहने के लिए वोट चोरी का सहारा ले रही है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से यह भी आह्वान किया है कि वे इस अभियान को जनांदोलन बनाने के लिए गांव-गांव और वार्ड-वार्ड में हस्ताक्षर अभियान चलाएं। जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) वर्धन यादव ने कहा कि कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने वोट चोरी का मुद्दा उठाकर भाजपा की चोरी पकड़ी है। भाजपा के इस संविधान विरोधी कृत्य को जनता के सामने उजागर किया है। भाजपा जीत के लिए सभी तरह के हथकंडे अपनाती है। राहुल गांधी के खुलासे के बाद भाजपा नेता जनता का ध्यान भंग करने के लिए हिन्दू मुस्लिम करने लग जाते हैं। केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें लोगों से उनका वोट देने का अधिकार भी छीनना चाहती है, लेकिन कांग्रेस संविधान विरोधी ऐसे कार्यों को सफल नहीं होने देगी।

(Udaipur Kiran)

Most Popular

To Top