
शिमला, 22 नवंबर (Udaipur Kiran) । राजधानी शिमला सहित प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में शनिवार को भी हल्के बादलों के बीच धूप खिली रही, लेकिन इसके बावजूद ठंड में इजाफा हुआ है। दिन और रात दोनों तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। शनिवार को ऊना में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि शिमला का अधिकतम तापमान 16 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकतम तापमान में औसतन 1.1 डिग्री की कमी आई है।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो राज्य के जनजातीय इलाकों में ठिठुरन काफी बढ़ गई है। ताबो में पारा माइनस 6.6 डिग्री तक लुढ़क गया है। केलांग में तापमान माइनस 4 डिग्री, कुकुमरसेरी में माइनस 3.8 डिग्री और कल्पा में माइनस 1 डिग्री दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में कई स्थानों पर प्राकृतिक जलस्त्रोत जमने लगे हैं और ठंड अपने चरम पर पहुंच चुकी है।
राजधानी शिमला की रातें भी इन दिनों काफी सर्द चल रही हैं। यहां न्यूनतम तापमान 7 डिग्री है, जो ऊना (8 डिग्री) और नाहन (8.9 डिग्री) से भी कम है। हालांकि सोलन (4.6 डिग्री) और कांगड़ा (6.7 डिग्री) की तुलना में शिमला कुछ हद तक गर्म महसूस हो रहा है। राज्य के कई शहरों में न्यूनतम तापमान दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पा रहा, जिससे लोगों को सुबह और रात में तेज ठंड का सामना करना पड़ रहा है। सुंदरनगर का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री, भुंतर 4, धर्मशाला 7.4, पालमपुर 4.5, मनाली 2.1, बिलासपुर 9.5, हमीरपुर 6.2, कुफरी 4.5, नारकंडा 2.1, रिकांगपिओ 2.6, और सराहन 5.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश में 28 नवम्बर तक मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा। इस दौरान बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। आगामी 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हालांकि अगले तीन से चार दिनों में रात का तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ सकता है। वहीं दिन का तापमान अगले दो से तीन दिनों में धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री तक गिरने की संभावना जताई गई है। मौसम के इस बदलते मिजाज के चलते प्रदेश में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा